गरियाबंद के युवक की कांकेर के होटल में मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के एक युवक ने कांकेर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवक रायपुर में एक कपड़ा व्यापारी के यहां ड्राइवर का काम करता था। शुक्रवार को उसने गरियाबंद घर लौटने की बात कही थी, लेकिन कांकेर के एक होटल में उसकी लाश मिलने की खबर आई। आत्महत्या का कारण अज्ञात है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, अमलीपदर थाना क्षेत्र के ग्राम घुमरा पदर निवासी लोकेश सोरी (26 वर्ष) रायपुर में एक कपड़ा व्यापारी के यहां ड्राइवर का काम करता था। लोकेश ने शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे अपने परिजनों को मैसेज कर बताया कि वह आज घर लौट रहा है। लेकिन वह शाम तक घर नहीं पहुंचा। बाद में खबर आई कि वह कांकेर के एक होटल के कमरे में मृत पाया गया।
बताया जा रहा है कि व्यापारी का सारा स्टाफ कांकेर में एक कपड़ा सेल में गया हुआ था। लोकेश होटल लेक व्यू के कमरा नंबर 213 में रूका हुआ था। उसने नहाने की बात कहकर अपने साथियों को होटल में रुकने को कहा। लेकिन काफी देर तक वह कमरे से नहीं निकला और फोन भी नहीं उठा रहा था तो उसके दोस्तों ने होटल मैनेजर से संपर्क किया। मैनेजर कमरे में पहुंचा और दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
नायलॉन की रस्सी से लगाई फांसी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो कमरे के अंदर युवक का शव पंखे से लटका हुआ था। युवक ने नायलॉन की रस्सी से फांसी लगा ली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आत्महत्या का कारण अज्ञात है। पुलिस मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक के साथियों और परिजनों से पूछताछ करेगी। जिसके बाद स्थिति स्पष्ट होगी। घटना की सूचना मिलते ही युवक के परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी मातम छा गया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/GziCN5iIb0T1AZ6tu0NrWR