गरियाबंद ब्रेकिंग: रंगमंच परिसर में मिली युवक की संदिग्ध लाश, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां रंगमंच परिसर में एक युवक की संदिग्ध लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने मौत को संदेह बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। मामला मैनपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, साहेबिनकछार निवासी 26 वर्षीय तिलचंद मरकाम मंगलवार को अपने दो मित्रों विक्रम और मकरध्वज के साथ करीब 10 किलोमीटर दूर भुतबेड़ा साप्ताहिक बाजार गया था। बताया जा रहा है कि बाजार से लौटते समय उसके दोनों मित्र रात में ही घर वापस आ गए, जबकि तिलचंद वहीं रुक गया और घर नहीं लौटा।
रातभर युवक के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। बुधवार सुबह जब उन्होंने उसके मित्रों से पूछताछ की, तो उन्होंने तिलचंद के भुतबेड़ा में रुकने की बात कही। इसके बाद परिजन गांव पहुंचे, जहां रंगमंच परिसर में तिलचंद बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। उसे तत्काल मैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने जताया संदेह, जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामले की सूचना पर मैनपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असल कारणों का पता चलेगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











