खल्लारी मंदिर रोपवे का केबल टूटा, 20 फीट नीचे चट्टान पर गिरी ट्रॉली; एक की मौत, कई घायल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– महासमुंद जिले के प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में चैत्र नवरात्र के चौथे दिवस रविवार को बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 10.30 बजे मंदिर पहुंचने के लिए संचालित रोपवे का केबल अचानक टूट गया, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर लगभग 20 फीट नीचे गिर गई और पहाड़ी की चट्टान से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु घायल हो गए हैं, जिनमें बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रद्धालु दर्शन कर रोपवे से वापस लौट रहे थे, तभी अचानक केबल टूट गया और ट्रॉली झटके के साथ नीचे आ गिरी। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को निजी वाहनों की मदद से बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल महासमुंद रेफर किया गया।
इलाज के दौरान युवती की मौत
अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवती की मौत हो गई है। मृतका रायपुर की रहने वाली थी। हादसे में 4 गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। बता दें कि चैत्र नवरात्र के चलते रविवार को मंदिर में भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। स्थानीय लोगों ने रोपवे के रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि नियमित मेंटेनेंस होता तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी।
CM साय ने जताया दुख, जांच के आदेश

अनुविभागीय अधिकारी नमिता मारकोले के अनुसार घायलों में गोविंद स्वामी, नमिता स्वामी, अंशुका स्वामी (महासमुंद), हेमलाल नागेश्वर, रतन नागेश्वर, हेमिन, हुलसी, पूर्वी, टिया, अमलेश (टिकरापारा, रायपुर), टोमेश्वरी साहू, कुमेश साहू, हर्ष साहू (दलदल सिवनी, रायपुर) ऋषभ धावरे, छ्यांश, मनस्वी (राजा तालाब, रायपुर) है। हादसे में 28 वर्षीय महिला आयुषी निवासी राजा तालाब, रायपुर की मृत्यु हो गई।
घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख जताते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











