राजिम कुंभ कल्प का सफल आयोजन : गरियाबंद जिला एवं पुलिस प्रशासन ने जताया आभार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम में आयोजित राजिम कुंभ कल्प का भव्य और गरिमामय समापन महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर संपन्न हुआ। त्रिवेणी संगम की पुण्य धरा पर आयोजित इस आध्यात्मिक महापर्व में प्रदेश सहित देशभर से आए लाखों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
समारोह के सफल आयोजन के लिए गरियाबंद कलेक्टर बीएस उइके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, मेला आयोजन समिति के सदस्यों ने कहा कि संत-महात्माओं के सानिध्य, श्रद्धालुओं की आस्था और जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशासन ने आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने में योगदान देने वाले सभी विभागों, अधिकारी-कर्मचारियों, पुलिस के जवानों, सुरक्षा बलों, स्वास्थ्यकर्मियों, स्वच्छता कर्मियों, विद्युत एवं जल आपूर्ति विभाग, परिवहन सेवाओं, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों तथा स्थानीय नागरिकों के प्रति साधुवाद एवं हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
जिला एवं पुलिस प्रशासन ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य शिविर, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासन की समन्वित कार्ययोजना एवं सतत निगरानी के कारण पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। साथ ही, प्रशासन ने राजिम की जनता को विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि स्थानीय नागरिकों के सहयोग, अनुशासन और सेवा भावना ने इस आध्यात्मिक पर्व की गरिमा को और बढ़ाया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8











