खेत में संदिग्ध हालत में मिला पति-पत्नी का शव, इस बात की आशंका, दो बच्चों से छीना माता-पिता का साया

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति-पत्नी के शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक खेत में मिला है। ग्रामीणों ने सुबह शवों को देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को महिला का शव खेत की मेड़ पर मिला, जबकि पति का शव 10 कदम दूर एक पेड़ से लटका मिला। घटना बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, रतनपुर के वार्ड क्रमांक 1 स्थित जोगी अमारी निवासी अमित कुमार इंदुआ (29) और उनकी पत्नी अंजू इंदुआ के शव बुधवार सुबह एक खेत के पास ग्रामीणों ने देखे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। मामले की संदिग्ध प्रकृति को देखते हुए जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। बताया गया है कि दंपत्ति मंगलवार रात दुर्गा पूजा देखने गए थे। लौटने के बाद, वे अपने बच्चों को सुलाकर घर से निकल गए थे।
मेड़ पर पत्नी और पेड़ पर पति का फंदे से लटका मिला शव
दंपति के शव सुबह खेत में मिले। पति अमित इंदुआ का शव पेड़ से तार के सहारे लटका मिला। दस कदम दूर उसकी पत्नी का शव जमीन पर पड़ा था। उसके चेहरे पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अमित अपनी पत्नी और बच्चों के साथ महामाया मंदिर गए थे। देर रात वे घर लौटे और सभी ने खाना खाया और सो गए। परिवार को यह पता नहीं चला कि वे घर से कब निकले।
12 साल पहले हुई थी लव मैरिज
इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पति-पत्नी के शव मिलने से गांव में मातम छा गया है। बताया जा रहा है कि अमित और अंजू का 12 साल पहले प्रेम विवाह हुआ था और उनके दो बच्चे हैं। पुलिस ने पंचनामा प्रक्रिया पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चलेगा। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या की बात सामने आ रही है। हालांकि, जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/BS4iWWfFiNDDwvO04RHCp3?mode=ems_wa_c