रायपुर में दोपहिया वाहनों की चोरी: नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार, 4 गाड़ियां बरामद

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर में घूम-घूमकर दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को पकड़ा है। दोनों के कब्जे से चोरी की चार दोपहिया वाहन बरामद की गई हैं।

मास्टर चाबी से करते थे चोरी

पुलिस के अनुसार, दोपहिया वाहन चोरी की लगातार घटनाओं को देखते हुए अज्ञात आरोपियों की पतासाजी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम द्वारा चोरी के संभावित स्थानों और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे थे। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय करने, तकनीकी विश्लेषण और नियमित पेट्रोलिंग के जरिए संदिग्धों की तलाश की जा रही थी।

इसी दौरान 4 सितंबर 2026 को विशेष टीम और थाना मौदहापारा पुलिस क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी बीच पुलिस को बिना नंबर की एक्टिवा पर सवार दो युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में खुला राज

पूछताछ में एक युवक ने अपना नाम कुनाल सोनी (20) निवासी राम नगर-लक्ष्मण नगर, गली नंबर 01 थाना गुढ़ियारी रायपुर बताया। दूसरा युवक नाबालिग पाया गया। पुलिस ने उनके कब्जे में मिली एक्टिवा के दस्तावेज मांगे, लेकिन दोनों कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस के मुताबिक, संदेह के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने उक्त एक्टिवा को थाना मौदहापारा क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया।

इसके बाद पुलिस ने चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने मौदहापारा क्षेत्र से एक और देवेंद्र नगर क्षेत्र से दो अन्य दोपहिया वाहन चोरी करना भी स्वीकार किया।

चार चोरी के मामलों का खुलासा

पूछताछ में चार दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। बरामद वाहनों में तीन एक्टिवा (CG 04 DM 1180, CG 04 LD 4393, CG 04 LK 4092) और एक डियो (CG 04 NV 4386) शामिल है।

बरामद चोरी की दो गाड़ियों के संबंध में थाना मौदहापारा में अपराध दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों द्वारा वाहनों की चोरी के लिए मास्टर चाबी का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस अब चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता और नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

सूने मकान का ताला तोड़कर 60 लाख की चोरी: दो आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button