नवापारा के विप्र बहनों ने CRPF जवानों की कलाइयों पर बांधा स्नेह का रक्षा सूत्र, जवानों ने महसूस किया बहनों का अपनापन
रक्षाबंधन से पूर्व 211वीं वाहिनी में हुआ भावुक एवं गरिमामय आयोजन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में दिन-रात समर्पित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों के प्रति सम्मान और आत्मीयता व्यक्त करते हुए विप्र कुल महिला मंडल, ब्राह्मण समाज नवापारा द्वारा 211वीं वाहिनी सीआरपीएफ में रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विप्र समाज की बहनों ने सैनिक भाइयों की कलाइयों पर प्रेम, स्नेह, विश्वास और राष्ट्रभक्ति का रक्षा सूत्र बांधा।
अपने परिवार और प्रियजनों से दूर रहकर देश की सुरक्षा में निरंतर तैनात रहने वाले जवानों की कलाई पर जब बहनों ने राखी बांधी तो पूरा वातावरण भावुकता, आत्मीयता और देशभक्ति से भर उठा। यह राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि देश की रक्षा में समर्पित जवानों के प्रति समाज की कृतज्ञता, सम्मान और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक बनी। कई जवान इस आत्मीय सम्मान से भावुक हो उठे और उनकी आंखों में खुशी व अपनत्व के आंसू छलक आए।
कार्यक्रम के दौरान विद्या तिवारी ने ‘बहनों ने भाई की कलाई में प्यार बांधा है’ रक्षाबंधन गीत प्रस्तुत कर सैनिक भाइयों को भाव-विभोर कर दिया। गीत के माध्यम से बहनों ने जवानों के प्रति अपने स्नेह और शुभकामनाओं को अभिव्यक्त किया।
गर्व और सौभाग्य की बात

विप्र कुल महिला मंडल की अध्यक्ष रेखा तिवारी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि त्याग, कर्तव्य, सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करने वाला पर्व है। देश की रक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले जवान वास्तव में पूरे देश के भाई हैं। उनकी कलाई पर राखी बांधना हम सभी के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला मंडल की उपाध्यक्ष तनु मिश्रा, सचिव सोमा शर्मा, कोषाध्यक्ष सुभाषिनी शर्मा, संरक्षक विद्या तिवारी, नंदनी शर्मा, शकुंतला शर्मा, रमा शर्मा, सविता दुबे, रेखा शुक्ला, डॉ. मधु रानी शुक्ला सहित सदस्य कुमुद पुराणिक, पूनम दीवान, भावना शर्मा, मुक्ति शर्मा, स्वाति शुक्ला, सुषमा शर्मा, स्मृति शर्मा, कुशाली दीवान, कल्याणी शर्मा एवं पुष्पांजलि तिवारी ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम के अंत में विप्र कुल महिला मंडल की ओर से सभी सैनिक भाइयों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुरक्षित जीवन की कामना की गई। महिला मंडल के सदस्यों ने कहा कि देश की रक्षा में तैनात जवान अकेले नहीं हैं, बल्कि पूरा समाज उनके साथ खड़ा है। उनकी कलाई पर बंधा प्रत्येक रक्षा सूत्र राष्ट्र के प्रति सम्मान, विश्वास और अटूट स्नेह का प्रतीक है। पूनम दीवान ने सभी जवानों, उपस्थित बहनों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
पीएम श्री हरिहर शाला की छात्राओं ने नवापारा थाना पहुंचकर पुलिस जवानों की कलाई पर बांधी राखी











