एनीकट पर काई बनी हादसे की वजह, बाइक फिसलने से नदी में गिरे दो युवक; एक की मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक हादसे में नदी में बने एनीकट पार करते समय काई के कारण बाइक अचानक फिसल गई और बाइक सवार दो युवक नदी में जा गिरे। हादसे में एक युवक ने बाइक पकड़कर किसी तरह अपनी जान बचा ली, जबकि दूसरा युवक तेज बहाव में बह गया। आज शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद किया है। घटना दुर्ग जिले के रानीतराई थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार घटना 17 सितंबर की शाम करीब 6 बजे की है। धमतरी जिले के तर्रा गोंदी गांव निवासी दो युवक विश्वकर्मा जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से ओदरागहन एनीकट के रास्ते खारुन नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ा और दोनों नदी में जा गिरे।

बताया गया कि एनीकट के ऊपर करीब एक फीट पानी बह रहा था। पानी की गहराई कम होने के कारण दोनों युवक बाइक से एनीकट पार करने लगे। इसी दौरान एनीकट की सतह पर जमा काई के कारण बाइक अचानक फिसल गई। संतुलन बिगड़ने से दोनों युवक नदी में गिर गए और तेज बहाव की चपेट में आ गए।

बाइक पकड़कर एक युवक ने बचाई जान

नदी में गिरने के बाद एक युवक तेज बहाव में बह गया। वहीं दूसरे युवक ने किसी तरह बाइक को पकड़ लिया और खुद को संभालते हुए नदी से बाहर निकलने में सफल रहा। हादसे की जानकारी मिलते ही रानीतराई पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में बहे युवक की तलाश शुरू की गई।

हादसे की सूचना एसडीआरएफ की टीम को देर रात मिली। अंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किया जा सका। शुक्रवार 18 सितंबर को दुर्ग एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाश अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने नदी से सुरेंद्र कुमार यादव का शव बरामद कर लिया।

तर्रा गोंदी गांव का रहने वाला था मृतक

मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार यादव (38), पिता फिरंका यादव, निवासी ग्राम तर्रा गोंदी, थाना भखारा, जिला धमतरी के रूप में हुई है। शव बरामद होने के बाद एसडीआरएफ टीम ने उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

राजिम ब्रेकिंग: पैरी नदी के एनीकट से बहे युवक का शव बरामद, 4 दिन बाद झाड़ियों-मलबे में फंसा मिला शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button