अभनपुर में अंधे कत्ल का खुलासा: पत्नी निकली कातिल! पुलिस ने किया गिरफ्तार, ये वजह आई सामने

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में तालाब किनारे युवक का शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज दो दिनों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी महिला ने पति की हत्या करना स्वीकार करते हुए बताया कि वह शराब पीकर आए दिन विवाद और मारपीट करता था, जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान परमेश्वर सिदार (30) पिता जलसिंग सिदार, निवासी ग्राम तोरला, पोस्ट शक्ति, थाना झरबन, जिला बरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई थी। वह पिछले छह माह से ग्राम टोकरो स्थित तालाब में चौकीदारी का कार्य कर रहा था। मंगलवार को उसका शव तालाब के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद अभनपुर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी तिजिया सिदार (26) को हिरासत में लिया।
पत्नी निकली कातिल

पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति परमेश्वर सिदार शराब पीने का आदी था और आए दिन विवाद करता था। लगातार प्रताड़ना और विवाद से परेशान होकर उसने साड़ी से गला घोंटकर पति की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपराध क्रमांक 265/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
अभनपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इस अंधे कत्ल की गुत्थी महज दो दिनों में सुलझ गई। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
अभनपुर ब्रेकिंग : तालाब किनारे संदिग्ध हालत में मिली चौकीदार की लाश, इस बात की जताई जा रही आशंका











