खेत में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, खेत की रखवाली करने घर से निकला, परिजनों ने कही ये बात; जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– 19 वर्षीय युवक का शव खेत में पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामला जांजगीर-चांपा जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, पेंड्री गांव निवासी अजय कश्यप (19 वर्ष) शुक्रवार रात खेत की रखवाली करने के लिए घर से निकला था। शनिवार सुबह काफी देर तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद युवक के दादा खेत देखने पहुंचे, जहां अजय का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों और ग्रामीण मौके पर पहुंची और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को बताया कि अजय की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी और उसका उपचार भी चल रहा था। हालांकि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











