रात में घूमने से रोकती थी दादी, गुस्साए पोते ने पीट-पीटकर कर मार डाला, हत्या के बाद शव के पास बैठा रहा आरोपी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने जिसकी ममता में पला, उसी की जान ले ली। बताया गया कि आरोपी रात में घर से बाहर घूमने निकलता था, जिसपर दादी रोक-टोक करती थी। इसी बात से नाराज पोते ने लकड़ी के खाट के पाए से पीट-पीटकर दादी की हत्या कर दी। घटना बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी की है।
रात में घूमने से रोकती थी दादी
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान नरबदा कोशले (65 वर्ष) के रूप में हुई है। वह ग्राम लोहर्सी के सतनामीपारा में अपने पोते मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले (21 वर्ष) के साथ रहती थीं। उनके पति तिरिथराम कोशले का पहले ही निधन हो चुका था। वहीं, उनका बेटा और आरोपी का पिता साजन कोशले अपने परिवार के साथ रोजी-रोटी कमाने ऊटी गया हुआ था।
घर में दादी और पोता ही रहते थे। माता-पिता के बाहर रहने के कारण बब्बू अक्सर देर रात तक बाहर घूमता था। दादी को उसकी संगत और देर रात तक बाहर रहने की आदत को लेकर चिंता रहती थी। इसी वजह से वह उसे बार-बार बाहर जाने से मना करती थीं। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था और पोता दादी की रोक-टोक से नाराज रहता था।
गुस्से में खाट के पाए से किया ताबड़तोड़ हमला
बताया जा रहा है कि सोमवार रात भी दादी ने पोते को बाहर घूमने जाने से मना किया। इसी बात पर गुस्साए बब्बू ने लकड़ी के खाट के पाए से दादी पर हमला कर दिया। उसने सिर पर कई वार किए, जिससे नरबदा कोशले गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। वह दादी के शव के पास ही बैठा रहा और दरवाजे को अंदर से लॉक कर दिया।
खुद फोन कर पिता को दी हत्या की जानकारी
हत्या के बाद आरोपी ने अपने पिता साजन कोशले और दादी के भाई भगवत महिलांगे को फोन किया। उसने फोन पर बताया कि दादी उसे रोज बाहर जाने से रोकती थीं। उनकी बार-बार की रोक-टोक से परेशान होकर उसने उनकी हत्या कर दी है।
सूचना मिलने के बाद भगवत महिलांगे ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने पीछे की खिड़की से अंदर झांककर देखा। वहां नरबदा कोशले का शव खाट पर पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस और डायल 112 को सूचना दी गई।
पुलिस पहुंची तो बाहर आया आरोपी
सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा खुलवाने के लिए आवाज लगाई। इसके बाद आरोपी ने दरवाजा खोला और बाहर आकर पुलिस की गाड़ी में बैठ गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
इंटरकास्ट मैरिज को लेकर विवाद! बेटे ने पिता को पीट-पीटकर मार डाला, आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल











