पनीर के नाम पर क्या परोसा जा रहा था? 30 बॉक्स संदिग्ध एनालॉग पनीर जब्त, बिना निर्माण और एक्सपायरी तारीख के बिकने जा रहा था

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रदेशभर में चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ के तहत खैरागढ़ जिले में लगभग 1500 किलोग्राम संदिग्ध एनालॉग पनीर जब्त कर नष्ट कराया गया। वहीं, दो दिन पहले राजधानी रायपुर में भी करीब 100 किलोग्राम एनालॉग पनीर का विनष्टीकरण कराया गया था।
नियंत्रक सह आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देशन में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने साल्हेवारा पुलिस टीम के सहयोग से की। पुलिस टीम ने वाहन क्रमांक MP-04 WC 8386 में परिवहन किए जा रहे प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के 30 बॉक्स बरामद किए, जिनका कुल वजन लगभग 1500 किलोग्राम बताया गया। इसके बाद जब्त सामग्री खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सौंप दी गई। खास बात यह रही कि इस सामग्री पर किसी व्यक्ति अथवा फर्म ने अपना स्वामित्व या दावा प्रस्तुत नहीं किया।
बॉक्स पर नहीं मिली निर्माण और एक्सपायरी की जानकारी

खाद्य विभाग द्वारा जब्त किए गए सभी 30 बॉक्स का निरीक्षण किया गया। इस दौरान किसी भी बॉक्स पर खाद्य सामग्री में प्रयुक्त सामग्री (Ingredients), निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि, बैच या लॉट नंबर, निर्माता फर्म का नाम-पता, संपर्क नंबर सहित अनिवार्य लेबल संबंधी विवरण अंकित नहीं पाया गया। इससे उत्पाद की वास्तविक पहचान और गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए।
राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर पर लगाए गए प्रतिबंध को ध्यान में रखते हुए विभाग ने जब्त किए गए सभी 30 बॉक्स यानी लगभग 1500 किलोग्राम संदिग्ध पनीर को नष्ट करा दिया।
स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल ने कहा कि एनालॉग पनीर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। छत्तीसगढ़ में इसके निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
लगातार सामने आ रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग मिलावटी और प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के कारोबार पर शिकंजा कसने में जुटा है। ऐसे में उपभोक्ताओं को भी पनीर सहित अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि की जांच जरूर करनी चाहिए।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











