ब्रेकिंग : छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट और दो जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मिला मैसेज, कोर्ट परिसर को किया गया खाली

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छत्तीसगढ़ में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के साथ-साथ बालोद जिला न्यायालय और बेमेतरा जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और एहतियातन कोर्ट परिसरों को खाली करा दिया गया। हाईकोर्ट परिसर में डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड की टीमों द्वारा जांच की जा रही है, वहीं सुरक्षा कारणों से सभी अदालतों में सुनवाई अस्थायी रूप से रोक दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को बेमेतरा और बालोद जिला-सत्र न्यायालय के आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराकर सुरक्षा घेरा बना दिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों को बुलाया गया, जिन्होंने पूरे परिसर की जांच शुरू की।
हाईकोर्ट को दूसरी बार आया मेल
इसी बीच छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को भी इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल मिलने की जानकारी सामने आई है। कुछ दिनों के अंदर यह दूसरी बार है जब हाईकोर्ट को इस तरह की धमकी दी गई है। इसके बाद हाईकोर्ट परिसर में भी सुरक्षा जांच तेज कर दी गई और एहतियातन अदालतों में सुनवाई कुछ समय के लिए रोक दी गई। सुरक्षा एजेंसियां पूरे परिसर की सघन तलाशी ले रही हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमकी भरा ई-मेल सौरभ विश्वास नाम की आईडी से भेजा गया है। पुलिस की साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति का पता लगाने में जुटी हुई है और इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
बता दे कि कुछ दिनों पहले भी इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल मिला था, हालांकि उस समय की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की विशेष टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











