उदंती-सीतानदी में बाघों की हलचल से वन विभाग उत्साहित, ट्रैप कैमरों में बाघों की मौजूदगी के मिले संकेत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व (USTR) से बाघों की मौजूदगी के उत्साहजनक संकेत सामने आ रहे हैं। ऑल इंडिया टाइगर एस्टीमेशन (AITE) 2026 के दौरान लगाए गए ट्रैप कैमरों में लगातार बाघों की तस्वीरें कैद हो रही हैं, जिससे वन विभाग में खुशी और उत्साह का माहौल है।
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के डीएफओ वरुण जैन ने बताया कि नक्सल प्रभाव कम होने के बाद इस बार पहली बार रिजर्व क्षेत्र के सभी 143 बीट्स में टाइगर सेंसस कराया जा रहा है। इससे पहले सुरक्षा कारणों के चलते केवल 60 से 70 प्रतिशत क्षेत्र में ही सर्वे हो पाता था, जिससे वास्तविक स्थिति का पूरा आकलन नहीं हो पाता था।
उन्होंने बताया कि इस बार पूरे रिजर्व क्षेत्र में व्यवस्थित तरीके से ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। कई स्थानों से बाघों की तस्वीरें लगातार सामने आ रही हैं, जो यह संकेत देती हैं कि क्षेत्र में बाघों की गतिविधि मौजूद है और उनका मूवमेंट नियमित रूप से दर्ज हो रहा है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पूरे क्षेत्र में सर्वे होने से बाघों की वास्तविक संख्या और उनकी गतिविधियों का अधिक सटीक आकलन किया जा सकेगा। साथ ही इससे टाइगर संरक्षण की योजनाओं को और अधिक मजबूत बनाने में भी मदद मिलेगी।
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में इन दिनों ट्रैप कैमरों में बाघों सहित अन्य वन्यजीवों की भी लगातार तस्वीरें कैद हो रही हैं। इसे रिजर्व के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है और विभाग इसे वन्यजीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देख रहा है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
बाघ संरक्षण को मजबूती: गरियाबंद वनमंडल में अधिकारियों को मिला आधुनिक प्रशिक्षण











