बारात में डीजे से भड़का बवाल:घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़, कई घायल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शादी समारोह के दौरान डीजे में नाचने को लेकर विवाद हो गया और देखते ही देखते बारातियों और स्थानीय पक्ष के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। बदमाशों ने घर में घुसकर हमला और तोड़फोड़ कर दिया। इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिससे शादी का माहौल तनाव में बदल गया। मामला बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम मोढ़े से चन्द्रमिलेश की बारात 25 मार्च को तखतपुर अंतर्गत ग्राम कुआं पहुंची थी। 26 मार्च की देर रात करीब 12 बजे डीजे में नाचने को लेकर बारातियों और स्थानीय युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों के बीच हाथ-मुक्का, डंडे और ईंट से जमकर मारपीट हुई।

पंडाल में घुसकर हमला

बाराती पक्ष से बलदेव रजक ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह पंडाल में खाना खा रहा था, तभी गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसके सिर और जांघ में चोट आई, वहीं पवन पटेल सहित अन्य बारातियों को भी चोटें आईं।

ग्राम कुआं निवासी जगन्नाथ यादव ने पुलिस को बताया कि बारातियों ने पहले उनके घर के बाहर गाली-गलौज की और विरोध करने पर घर में घुसकर हमला कर दिया। आरोप है कि डंडे और ईंट से मारपीट करने के साथ ही दरवाजा, आलमारी, कूलर और फ्रिज समेत कई सामानों में तोड़फोड़ की गई। इस हमले में परिवार के कई सदस्य घायल हुए हैं।

वाहनों में भी तोड़फोड़

घटना के दौरान हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और बारातियों के बीच दौड़ा-दौड़ाकर मारपीट की गई। गुस्साए लोगों ने बारात में शामिल वाहनों को भी निशाना बनाते हुए उनके शीशे तोड़ दिए, जिससे काफी नुकसान हुआ।

दोनों पक्षों पर केस दर्ज

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। तखतपुर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

कुरूद ब्रेकिंग: शादी समारोह में डीजे बंद कराने को लेकर विवाद, 2 युवकों की चाकू मारकर हत्या, एक घायल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button