गरियाबंद के जंगल में भालू का आतंक, महुआ बीनने गए ग्रामीण पर जानलेवा हमला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के वन क्षेत्र में महुआ बीनने जंगल गए एक ग्रामीण पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में घायल ग्रामीण को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए पीड़ित को मेकाहारा अस्पताल रायपुर रेफर किया गया है। वहीं शासन स्तर पर भी सहायता और इलाज की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
जानकारी के अनुसार गरियाबंद वनमंडल के परसुली वन परिक्षेत्र अंतर्गत बाघमार परिसर में एक ग्रामीण पर भालू के हमले की घटना सामने आई है। ग्राम कोचईमुड़ा निवासी 45 वर्षीय पुराणिक यादव मंगलवार सुबह करीब 6 बजे अपनी पत्नी के साथ घर के पास जंगल में महुआ बीनने गया था। उसकी पत्नी थोड़ी दूरी पर महुआ इकट्ठा कर रही थी, तभी अचानक भालू ने पुराणिक पर हमला कर दिया। हमले में भालू ने उसके सिर, चेहरे, हाथ और कंधे को बुरी तरह नोच दिया। दर्द से कराहते हुए पुराणिक की चीख सुनकर उसकी पत्नी मौके पर दौड़ी, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल पुराणिक को ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गरियाबंद पहुंचाया। वन मंत्री केदार कश्यप ने घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायल व्यक्ति के इलाज में किसी प्रकार की कमी न हो और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। वन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए पुराणिक यादव को तत्काल सहायता राशि प्रदान की है। साथ ही विभागीय कर्मचारी उनके साथ रहकर हर संभव सहयोग कर रहे हैं।
खर्च का भुगतान भी शासन द्वारा
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शासन की जनहितैषी योजनाओं के तहत वन्यप्राणी हमले में घायल व्यक्तियों को अधिकतम 59 हजार 100 रूपए तक की सहायता राशि प्रदान करने का प्रावधान है। इसके अलावा, घायल व्यक्ति के संपूर्ण उपचार के बाद दवाइयों और इलाज में आने वाले खर्च का भुगतान भी शासन द्वारा किया जाएगा।
वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार वन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह संवेदनशील है तथा ऐसी परिस्थितियों में त्वरित राहत सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। वन मंत्री कश्यप के निर्देश पर भालू के हमले से घायल पुराणिक यादव को गरियाबंद में डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए उन्हें मेकाहारा अस्पताल रायपुर रेफर किया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











