तीन बच्चों के साथ महिला रहस्यमयी ढंग से लापता, सात दिन बाद भी कोई सुराग नहीं, परिवार में मचा हड़कंप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक महिला के अपने तीन मासूम बच्चों सहित रहस्यमयी तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। महिला 2 फरवरी को मायके जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वहां पहुंची ही नहीं। अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कबीरधाम जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 निवासी पुष्पनंदनी कार्निक (26 वर्ष) अपने तीन बच्चों के साथ बीते सात दिनों से लापता है। महिला 2 फरवरी को मायके बिलासपुर के अशोकनगर जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वहां कभी पहुंची ही नहीं। मामले को लेकर पति बिसेन कार्निक पिता राजेन्द्र कार्निक (34 वर्ष) ने पांडातराई थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
2 फरवरी से लापता है महिला और बच्चे
शिकायत में बताया गया है कि 2 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे पुष्पनंदनी ने तबीयत खराब होने की बात कही और बच्चों के इलाज के लिए बिलासपुर जाने की जानकारी दी। इसके बाद वह तीनों बच्चों के साथ शारदा बस से रवाना हुई। पति के अनुसार, शाम करीब 6 बजे जब पत्नी से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले। अनहोनी की आशंका पर तत्काल ससुराल पक्ष से संपर्क किया गया, लेकिन वहां से भी जानकारी मिली कि पुष्पनंदनी बिलासपुर नहीं पहुंची है।
परिजनों ने देर रात तक रिश्तेदारों के यहां, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन बस चालक से पूछताछ करने पर उसने बताया कि महिला और बच्चों को बिलासपुर के महाराणा प्रताप चौक में उतारा गया था। इसके बाद से महिला और बच्चों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पति बिसेन कार्निक का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस महिला और बच्चों की तलाश में गंभीरता नहीं दिखा रही है। उसने पुलिस और जिला प्रशासन से पत्नी और बच्चों को जल्द से जल्द सुरक्षित ढूंढने की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है और संभावित स्थानों पर पूछताछ की जा रही है। मोबाइल लोकेशन, बस स्टैंड और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8
यह खबर भी जरुर पढ़े
शिक्षिका का रहस्यमयी अपहरण! बंधक फोटो भेजकर 5 लाख की फिरौती, कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस











