बच्चा नहीं होने पर विवाद: मंगलसूत्र से गला घोंटकर महिला की हत्या, लिव इन पार्टनर गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– बच्चा नहीं होने के विवाद में लिव-इन में रह रही महिला की उसके ही मंगलसूत्र से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने आरोपी लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला रायगढ़ जिले के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार 1 अप्रैल को जिंदल अस्पताल, पतरापाली से 32 वर्षीय धनेश्वरी विश्वकर्मा की मौत की सूचना पुलिस को मिली थी। प्रारंभिक तौर पर मामला सामान्य प्रतीत हुआ, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले पर दबाव से दम घुटने को मौत का कारण बताया गया। डॉक्टरों ने इसे स्पष्ट रूप से हत्या (होमीसाइडल) करार दिया, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी।
जांच में सामने आया कि मृतका धनेश्वरी विश्वकर्मा मूलतः जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा की रहने वाली थी। उसका विवाह पहले मनोज विश्वकर्मा से हुआ था और उसके तीन बच्चे हैं। पति से अलग रहने के बाद वह पिछले करीब चार वर्षों से विकेश कुमार बरेठ (26) के साथ कोतरा रोड स्थित किरोड़ीमल नगर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
दवा और तलाक को लेकर होता था विवाद
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों के बीच अक्सर शादी, तलाक और महिला की बीमारी को लेकर विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी समय पर दवा नहीं लेने और घरेलू बातों को लेकर दोनों के बीच तीखा झगड़ा हुआ।
गुस्से में मंगलसूत्र से कसा गला
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले धनेश्वरी को थप्पड़ मारे। जब महिला घर छोड़कर जाने लगी, तो उसने पीछे से उसका मंगलसूत्र पकड़कर जोर से खींच दिया। इससे मंगलसूत्र गले में फंदे की तरह कस गया और महिला बेहोश होकर गिर पड़ी। बाद में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सच्चाई छिपाने की कोशिश नाकाम
घटना के बाद आरोपी ने इसे सामान्य मौत बताने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की सख्त पूछताछ के आगे उसकी साजिश बेनकाब हो गई। पुलिस ने धारा 103(1) और 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी विकेश कुमार बरेठ को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
फंदे पर लटके मिला युवती का शव, तीन बच्चों के पिता के साथ लिव इन पर थी, जांच में ये बात आई सामने











