माता-पिता को कमरे में बंद कर युवती ने लगाई फांसी, जांच में ये बात आई सामने, जानिए पूरा मामला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– मगरलोड में एक 26 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आत्मघाती कदम उठाने से पहले युवती ने अपने माता-पिता को घर के एक कमरे में बाहर से बंद कर दिया था। माता-पिता रातभर कमरे के भीतर रहे और उन्हें इस बात की भनक तक नहीं लगी कि घर के हॉल में उनकी बेटी की मौत हो चुकी है।
सुबह जब घटना का खुलासा हुआ तो परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामला धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र का है।
कमरे में बंद थे माता-पिता
बताया गया कि घटना के दौरान मृतिका लता सिन्हा (26 वर्ष) के माता-पिता घर में टीवी देख रहे थे। इसी दौरान उन्हें कमरे में बंद कर दिया गया। रातभर वे उसी कमरे में बंद रहे। सुबह मृतिका की मां ने कमरे के भीतर से मोबाइल के जरिए अन्य परिजनों को फोन कर बताया कि उन्हें कमरे में बाहर से बंद कर दिया गया है। सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस टीम के पहुंचने के बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में घर का मुख्य दरवाजा खोला गया। अंदर के दृष्य देख सबके होश उड़ गए। घर के हॉल में लता का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने कमरे में बंद माता-पिता को तत्काल बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
मगरलोड पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि लता ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया? परिजनों के अनुसार, युवती का गांव के ही एक स्थानीय ‘बैगा’ के घर आना-जाना था और वह मोबाइल के जरिए भी उसके संपर्क में रहती थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी प्रकार के मानसिक दबाव अथवा धमकी के चलते युवती ने यह कदम उठाया हो सकता है।
मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स खंगाल रही पुलिस
हालांकि, पुलिस ने अभी इन आशंकाओं की पुष्टि नहीं की है। पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। मगरलोड पुलिस ने मृतिका का मोबाइल फोन अपने कब्जे में लिया है। अब पुलिस उसके कॉल डिटेल्स, संपर्क में रहे लोगों और घटना से पहले की गतिविधियों की जांच कर रही है। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
नर्स ने स्टाफ रूम में लगाई फांसी, एक साल पहले हुई थी शादी; जांच में जुटी पुलिस











