जंगल किनारे पेड़ से लटका मिला युवक शव, इलाके में सनसनी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा :– गरियाबंद जिले के छुरा क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि करीब एक माह पहले ही मृतक की पत्नी ने भी आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद से युवक गहरे सदमे में था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार छुरा विकासखंड के ग्राम टोनहीडाबरी में गुरुवार 12 मार्च की सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक पेड़ से युवक का शव फांसी के फंदे पर झूलता देखा। इसकी सूचना तत्काल छुरा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाया। मृतक की पहचान फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम बेलर निवासी 30 वर्षीय रोहित ध्रुव के रूप में हुई है।

एक माह पहले पत्नी ने की थी आत्महत्या

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लगभग एक माह पहले 10 फरवरी को रोहित की दूसरी पत्नी ने भी अपने मायके बेलर गांव में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पत्नी की अचानक मौत के बाद से वह गहरे मानसिक तनाव में था। बताया जाता है कि रोहित का वैवाहिक जीवन पहले से ही परेशानियों से घिरा हुआ था। उसकी पहली पत्नी किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग के चलते घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद उसने दूसरी युवती से विवाह किया था, लेकिन दुर्भाग्यवश उसकी दूसरी पत्नी ने भी आत्महत्या कर ली, जिससे रोहित पूरी तरह टूट गया था।

पत्नी की मौत के बाद से रोहित ध्रुव कुछ दिनों से अपने रिश्तेदारों के यहां छुरा थाना क्षेत्र के ग्राम टोनहीडाबरी में रह रहा था। परिजनों के अनुसार वह पिछले कुछ समय से काफी चुपचाप और उदास रहने लगा था। बुधवार रात वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। परिजनों को लगा कि वह आसपास कहीं गया होगा, लेकिन गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ से लटका देखा।

जांच में जुटी पुलिस

मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मृतक का अंतिम संस्कार उसके गृह ग्राम बेलर में किया गया, जहां इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल इस मामले में पुलिस अधिकारियों का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। छुरा पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, आयुष्मान अस्पताल में करती थी काम, जांच में जुटी पुलिस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button