फिंगेश्वर क्षेत्र में ‘बच्चा चोर’ की अफवाह से दहशत, संदिग्ध युवक की पिटाई के बाद पुलिस के हवाले, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में इन दिनों ‘बच्चा चोर’ की अफवाहों ने ग्रामीण इलाकों में डर का माहौल बना दिया है। सुबह-शाम गांवों में संदिग्ध व्यक्तियों को लेकर चर्चा और सतर्कता देखी जा रही है। इसी बीच ग्राम जोगीडीपा में एक युवक को ग्रामीणों ने शक के आधार पर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
बच्चा चोर के शक में कर दी पिटाई
जानकारी के अनुसार, जोगीडीपा गांव में एक अनजान युवक के घूमने की खबर फैलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने उसे ‘बच्चा चोर’ होने के शक में पकड़ लिया। देखते ही देखते भीड़ इकट्ठा हो गई और युवक के साथ मारपीट की गई। घटना की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले आई।
अफवाहों पर ध्यान न दें – पुलिस
थाना प्रभारी गौतम गावड़े ने कहा कि युवक मानसिक रूप से कमजोर है, जिसके चलते कहीं भी आ जा रहा है। उनके परिवार वालों को सूचना दे कर थाना बुलाया गया है जिसके बाद युवक को परिवार के हवाले कर दिया जाऐगा। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, कानून अपने हाथ में न लें।
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ मारपीट न करने की अपील की गई है। इधर, ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से आसपास के गांवों में बच्चा चोरी की अफवाहें तेजी से फैल रही हैं, जिससे लोग भयभीत हैं। बच्चों को अकेले बाहर भेजने से परिजन कतरा रहे हैं और गांवों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Bi1gPFRXBEjBeoNhF41JIu











