साय सरकार के 2 साल : राजिम विधायक रोहित साहू ने गिनाई उपलब्धियाँ, कहा – 2 साल में ही 759 करोड़ रुपये के काम स्वीकृत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू ने शनिवार को रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजिम विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजिम विधानसभा के तीनों विकासखंड – गरियाबंद, छुरा और फिंगेश्वर में कुल 759 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत कराए गए हैं, जिनका कार्य प्रगति पर है।
विधायक रोहित साहू ने कहा कि पिछले कांग्रेस शासन के पूरे पांच वर्षों में जितना विकास नहीं हुआ होगा, उससे कई गुना अधिक काम भाजपा सरकार ने मात्र दो वर्षों में किया है। दो वर्षों में जनता का भरोसा और अधिक सशक्त हुआ है। अभी कार्यकाल के तीन वर्ष और शेष हैं, जो उपलब्धियों से भरे होंगे। उन्होंने कहा कि राजिम क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर तेजी से बदल रही है, जिसका श्रेय क्षेत्र की देवतुल्य जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को जाता है।
उन्होंने बताया कि 3 दिसंबर को चुनाव परिणाम आने के बाद 13 दिसंबर को प्रदेश में भाजपा सरकार बनी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन की शुरुआत हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है। कांग्रेस शासनकाल में रुके आवास कार्यों को फिर से गति देते हुए 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए, जिससे गांव-गांव में निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है। महिला सशक्तीकरण के लिए महतारी वंदन योजना एक ऐतिहासिक पहल बनी। लगभग 70 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है।
2 साल में 759 करोड़ रुपये के काम स्वीकृत

विधायक ने बताया कि सरकार बदलते ही राजिम पुन्नी मेले का नाम बदलकर फिर से राजिम कल्प कुंभ किया गया इसके साथ ही नये मेला मैदान सहित मेला स्थल पर विकास कार्यों के लिए 132 करोड़ की स्वीकृति मिली है। इसके साथ ही राजिम पुल से नये मेला मैदान चौबेबांधा तक पहुंचने 4 लेन रोड की स्वीकृति भी मिल चुकी है, जिसका भूमि पूजन मुख्यमंत्री के हाथों जल्द सम्पन्न होगा।
इसी तरह छुरा ब्लॉक के पीपरछेड़ी जलाशय सहित वर्षों से लंबित परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इसके साथ ही सड़कों के चौड़ीकरण, उच्चस्तरीय पुलों, जलाशय, नहर, एनीकट, मेला विकास, शासकीय भवन, कॉलेज भवन, अस्पताल उन्नयन और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार जैसे अनेक कार्य स्वीकृत हुए हैं। जिला अस्पताल को 100 बिस्तरों का करने, सिटी स्कैन मशीन लगाने और राजिम में भक्तिन माता की कांस्य प्रतिमा स्थापना जैसी योजनाएं भी स्वीकृत कराई गई हैं।
मुख्यमंत्री को जताया आभार
विधायक रोहित साहू ने कहा कि पारदर्शिता के साथ एक-एक विकास कार्य की जानकारी पत्रकारों के सामने रखी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में राजिम विधानसभा क्षेत्र विकास के पथ पर तेज़ी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने मीडिया के सहयोग के लिए आभार जताते हुए जनता को भरोसा दिलाया कि सरकार पूरी निष्ठा से छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा करेगी।
अंत में उन्होंने इन सभी विकास कार्यों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव, जिला भाजपा महामंत्री चंद्रशेखर साहू, नगर पंचायत के सभापति आकाश राजपूत, नेहरू साहू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय पत्रकार उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS











