पंचकोशी धाम की झलक, जगमग घाट और संतों के संगम से राजिम कुंभ बना आकर्षक, देखिए ड्रोन फ़ोटो
राजिम कुंभ कल्प 2026: आस्था, संस्कृति और स्वच्छता की भव्य झलक

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम कुंभ कल्प के मुख्य मंच को इस बार अन्य वर्षों की तुलना में अधिक आकर्षक रूप दिया गया है। लगभग 60 फीट चौड़े और 80 फीट लंबा यह भव्य मंच और बैकग्राउंड में पंचकोशी धाम के मंदिरों की झलक लोगों को आकर्षित कर रही है।
भगवान श्री राजीवलोचन एवं कुलेश्वरनाथ महादेव के साथ पटेश्वरनाथ (पटेवा), चम्पकेश्वरनाथ (चम्पारण), ब्रम्हकेश्वरनाथ (ब्रम्हनी), फणीकेश्वरनाथ (फिंगेश्वर) और कोपेश्वरनाथ (कोपरा) के मंदिरों की प्रतिकृतियां बांस और कपड़े से निर्मित की गई हैं। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से कार्यक्रम स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। राज्यस्तरीय मंच की भव्यता देखते ही बनती है।
राजिम कुंभ मेले में स्वच्छता बनाए रखने पूरे मेला क्षेत्र में जगह-जगह डस्टबीन की व्यवस्था की गई है, जिससे कागज के टुकड़े, रैपर, पॉलीथीन और पानी की बोतलें इधर-उधर न फैलें। कचरा पेटियां भरने से पहले ही कर्मचारियों द्वारा नियमित रूप से साफ कर दी जाती हैं, जिससे मेला परिसर स्वच्छ और सुव्यवस्थित नजर आ रहा है। ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ की परिकल्पना का प्रभाव यहां स्पष्ट दिखाई देता है। धार्मिक नगरी राजिम में बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग कर रहे हैं।
घाटों पर हाईमास्ट लाइट से जगमगाहट

क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू के प्रयासों से नवीन मेला मैदान चौबेबांधा में नदी किनारे घाट का निर्माण कार्य जारी है। वहीँ मेला प्रारंभ होने से पूर्व ऊंचे खंभों पर हाईमास्ट लाइटें लगाई गई हैं, जिनकी रोशनी से रात में भी दिन जैसा दृश्य दिखाई देता है। मेला देखने पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस व्यवस्था की सराहना की। मेला घुमने पहुंचे विराट, सुकचंद, गिरधारी, बिहारीलाल ने बताया कि अभी इतना सुदर लग रहा हैं जब नदी के किनारे फोर लाइन सड़क निर्माण होगा, तो दृष्य और भी विहंगम लगेगा।
मंच पर कलाकारों का हो रहा सम्मान
कुंभ कल्प में प्रतिदिन सैकड़ों कलाकार मुख्य मंच, स्थानीय मंच और नदी मंच पर अपनी प्रस्तुति दे रहे हैं। राष्ट्रीय से लेकर स्थानीय कलाकारों की झमाझम प्रस्तुतियों के बाद उन्हें प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जा रहा है। शिक्षा विभाग ने सांस्कृतिक रुचि रखने वाले शिक्षकों को भी मंच संचालन और अन्य जिम्मेदारियों से जोड़कर आयोजन में सहभागिता दी है।
संत समागम से देशभर के संतों को सहज दर्शन

राजिम कुंभ के संत समागम परिसर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान हो रहे हैं। विभिन्न अखाड़ों के संत, महामंडलेश्वर और आचार्य यहां यज्ञ, प्रवचन और धार्मिक और आध्यात्मिक मार्गदर्शन दे रहे हैं। देशभर से पहुंचे संतों के सानिध्य में राजिम कुंभ की पवित्रता और भी निखर उठी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8











