फंदे से लटका मिला पति-पत्नी का शव, 4 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। इकलौते बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत से आहत पति-पत्नी ने घर के आंगन में लगे पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से चार पन्नों का सुसाइड नोट और एक वीडियो संदेश भी मिला है। घटना के बाद इलामें सनसनी फैल गई। घटना जांजगीर चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम धरदेई निवासी कृष्णा पटेल (48) और उनकी पत्नी रमाबाई पटेल (47) का शव घर के आंगन में लगे पेड़ पर एक ही फंदे से लटका मिला। सोमवार सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। भीतर झांकने पर दोनों का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
2024 में बेटे की सड़क हादसे में हुई थी मौत
बताया जा रहा है कि वर्ष 2024 में मस्तूरी थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में दंपति के इकलौते बेटे आदित्य पटेल (21) की मौत हो गई थी।जवान बेटे की असमय मौत के बाद से ही दोनों गहरे सदमे में थे। कृष्णा पटेल राजमिस्त्री का काम करते थे, जबकि रमाबाई गृहिणी थीं। परिजनों के मुताबिक बेटे की मौत के बाद से वे मानसिक रूप से बेहद व्यथित और अवसादग्रस्त रहने लगे थे।
सुसाइड नोट में छलका दर्द
चार पन्नों के सुसाइड नोट में कृष्णा पटेल ने लिखा है कि उनका बेटा ही उनके जीवन का आधार और संसार था। उन्होंने आदित्य को आज्ञाकारी पुत्र, मित्र और पिता समान बताया, जो उनका पूरा ख्याल रखता था और घर के सभी काम संभालता था। उन्होंने लिखा कि आदित्य ईश्वर का वरदान था और उसके जाने के बाद वे जीते-जी मर गए।
नोट में यह भी उल्लेख है कि आदित्य यज्ञ प्रचार और मंदिर निर्माण के नक्शे के कार्य के लिए धौराभाटा गांव के चंदन बाबा के साथ गया था। बेटे ने पहले जाने से मना किया था, लेकिन पिता ने इसे भगवान का काम कहकर भेजा। कृष्णा पटेल ने इसे अपने जीवन की सबसे बड़ी भूल बताया है।
आगे उन्होंने लिखा कि समय के साथ मन की पीड़ा कुछ कम हुई, लेकिन अब वे ईश्वर में स्वयं को समर्पित करना ही अपनी नियति मानते हैं। दंपति ने लिखा “हम दोनों पूरे होश में अपनी इच्छा से अपने को शिव में अर्पण कर रहे हैं। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है। हमारी अंतिम विदाई शोक के साथ नहीं, प्रसन्नचित होकर करें।”
वीडियो संदेश भी मिला
जांच के दौरान पुलिस को एक वीडियो भी मिला है, जिसमें दंपति अपने वकील से अनुरोध करते दिख रहे हैं कि यदि वे इस दुनिया में न रहें तो उनके बेटे आदित्य के क्लेम की राशि बड़े भाइयों कुलबहरा पटेल और जलबहरा पटेल को दिला दी जाए।
गांव में शोक की लहर
घटना के बाद धरदेई गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंच रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के संबंध में विस्तृत स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8
यह खबर भी जरुर पढ़े
छात्रा ने की आत्महत्या, देर रात तक करती रही पढ़ाई, सुबह फंदे से लटके मिला शव











