AAP ने लगाया वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप, दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग, तहसील व थाना में सौंपा ज्ञापन

विशेष समुदाय के नाम हटाने की कोशिश का आरोप; FIR की मांग

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा:- नगर पंचायत छुरा में मतदाता सूची से नाम कटवाने के मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष चमन यादव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने तहसील कार्यालय छुरा और पुलिस थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपा तथा फर्जी तरीके से फार्म-7 प्रस्तुत कर लगभग 55 मतदाताओं के नाम हटाने की साजिश का आरोप लगाया।

पार्टी पदाधिकारियों ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि विशेष पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा षड्यंत्रपूर्वक झूठे आधार पर फार्म-7 का दुरुपयोग किया गया। आरोप है कि इस प्रक्रिया के माध्यम से विशेष समुदाय के मतदाताओं के नाम सूची से हटाने का प्रयास किया गया, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा प्रहार है।

लोकतंत्र पर हमला: आप

पदाधिकारियों ने कहा कि यदि इस प्रकार फर्जी आपत्तियों के जरिए नागरिकों को मताधिकार से वंचित करने की प्रवृत्ति पर रोक नहीं लगाई गई तो यह लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ गंभीर खतरा साबित होगा। इसे नागरिकों के संवैधानिक और मौलिक अधिकारों के हनन का प्रयास भी बताया गया।

जिलाध्यक्ष चमन यादव ने कहा कि इस कृत्य से भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 212 का उल्लंघन हुआ है। उनके अनुसार, यदि कोई व्यक्ति लोकसेवक को जानबूझकर झूठी सूचना देता है तो उसे छह माह तक की सजा या 5,000 रुपये जुर्माना अथवा दोनों का प्रावधान है। यदि झूठी सूचना किसी अपराध या अपराधी से संबंधित हो तो सजा दो वर्ष तक हो सकती है।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

ज्ञापन में प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा जानबूझकर गलत जानकारी देकर फार्म-7 प्रस्तुत करने वालों के खिलाफ विधिसम्मत दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की गई है। पार्टी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की उचित जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष श्रवण यादव, लोकसभा अध्यक्ष महेश यादव, यूथ जिलाध्यक्ष हरीश कुमार पटेल, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मोहन सिन्हा, जिला महासचिव नंदलाल यादव, ब्लॉक अध्यक्ष ईश्वर पटेल, यूथ ब्लॉक अध्यक्ष दलेश्वर नागेश, नवीन गायकवाड़, नगर अध्यक्ष इरफान खान, उपाध्यक्ष जिसान मेमन, संगठन मंत्री साहिद खान व असगर खान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/Bi1gPFRXBEjBeoNhF41JIu

यह खबर भी जरुर पढ़े

किसान न्याय सभा’ में धान खरीदी और खाद संकट पर गरजी “AAP”, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button