खेत से समर्सिबल पंप और केबल वायर चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार, राजिम पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम क्षेत्र में खेत से समर्सिबल पंप और केबल वायर चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया 3 एचपी का समर्सिबल पंप और करीब 150 मीटर केबल वायर भी बरामद किया गया है। दोनों आरोपी चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम धमनी निवासी मुकेश सोनवानी ने 24 जुलाई 2026 को थाना राजिम में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि खेत में लगाने के लिए खरीदा गया 3 एचपी का समर्सिबल पंप मरम्मत के बाद खेत के मेड़ पर बने मोटर पंप कक्ष में रखा था। उसके साथ करीब 150 मीटर केबल वायर भी रखा गया था। लगातार बारिश के कारण पंप को बोर में फिट नहीं किया जा सका था।
22 जुलाई को जब वह खेत पहुंचे थे, तब पंप और केबल वायर सुरक्षित रखे हुए थे। लेकिन 23 जुलाई की सुबह खेत पहुंचने पर मोटर पंप कक्ष का ताला और संकल टूटा मिला तथा अंदर रखा समर्सिबल पंप और केबल वायर गायब थे। इसके बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धमनी निवासी लक्की उर्फ चंद्रकांत तारक और हर्ष यादव चोरी का समर्सिबल पंप एवं केबल वायर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम किरवई स्थित टिकेश मोटर वाइंडिंग के पास दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने मुकेश सोनवानी के खेत स्थित मोटर पंप कक्ष का संकल तोड़कर समर्सिबल पंप और केबल वायर चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी लक्की उर्फ चंद्रकांत तारक (19 वर्ष) एवं हर्ष यादव (22 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम धमनी, थाना राजिम, जिला गरियाबंद को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305 एवं 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है। मामले की आगे की कार्रवाई राजिम थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











