पुलिस ने हेरोइन के साथ तीन तस्करों को दबोचा, 8 महीनों से पुलिस की रडार पर था मुख्य आरोपी, ऐसे मिला सुराग
56 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) की कीमत लगभग 11,00,000/- रुपये आँकी गई है।

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हेरोइन (चिट्टा) तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 56 ग्राम हेरोइन सहित कुल 16,24,240 रुपये की सामग्री जब्त की है, जो अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, थाना अर्जुनी क्षेत्र अंतर्गत श्याम तराई फॉरेस्ट नाका के पास मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर एक कार में हेरोइन की खरीद-बिक्री करते हुए आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। तलाशी के दौरान हेरोइन, नगदी, मोबाइल फोन और एक मारूति स्विफ्ट कार बरामद की गई।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों में निजामुद्दीन कुरैशी (28), अनिता नेताम (37) और मुख्य आरोपी मोहम्मद इस्लामुद्दीन कुरैशी (34) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इस्लामुद्दीन लंबे समय से सक्रिय था और गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार मोबाइल नंबर बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।
कैसे मिला सुराग
एक दिन पूर्व थाना सिटी कोतवाली में हुई हेरोइन कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान इस्लामुद्दीन के नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ। पूछताछ में सामने आया कि वह रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद और धमतरी सहित कई जिलों में सक्रिय था।
इसके बाद धमतरी पुलिस ने सुनियोजित रणनीति बनाते हुए विभिन्न जिलों में अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। सतत निगरानी और पुख्ता सूचना के आधार पर सोमवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा गया।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी पंजाब से ट्रेन के माध्यम से हेरोइन लाकर छत्तीसगढ़ में सप्लाई करता था। इस गिरफ्तारी के साथ ही अंतर्राज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क की एक महत्वपूर्ण कड़ी को तोड़ने में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही आम नागरिकों से नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
बस स्टैंड के पीछे कार में हेरोइन का सौदा, दो युवक गिरफ्तार, नकदी सहित 2.29 लाख रुपये की संपत्ति जब्त











