फिंगेश्वर क्षेत्र में एक ही रात तीन घरों में लाखों की चोरी, ताबड़तोड़ चोरी से लोगों में दहशत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर ब्लाक में बीती रात अज्ञात चोरों ने ताबड़तोड़ चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने एक ही रात में तीन अलग-अलग घरों को निशाना बनाते हुए नगदी सहित जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, फिंगेश्वर क्षेत्र के ग्राम चरौदा में बीती रात चोरों ने दुरेंद्र सेन, चेतन पटेल और नरेंद्र साहू के घरों को निशाना बनाया। चोरों ने तीनों घरों में घुसकर चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और नगदी सहित लाखों रुपए का सामान पार कर दिया। चोरों ने बेहद ही सुनियोजित तरीके से एक साथ तीनों वारदातों को अंजाम दिया, जिससे संगठित गिरोह होने की आशंका जताई जा रही है।

चरौदा निवासी दुरेन्द्र कुमार सेन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पेशे से नाई का काम करता है और अपने परिवार के साथ रहता है। उनका एक मकान ग्राम जमाही में भी है, जहां इन दिनों रिश्तेदारी में शादी का कार्यक्रम होने के कारण पूरा परिवार रुका हुआ था। 14 अप्रैल 2026 को वह शाम करीब 4 बजे अपने चरौदा स्थित मकान की साफ-सफाई कर कमरे और मुख्य दरवाजे में ताला लगाकर जमाही चला गया। अगले दिन 15 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि उसके घर का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलने पर वह अपनी पत्नी के साथ तुरंत घर पहुंचा, जहां देखा कि मुख्य दरवाजे और कमरे के ताले टूटे हुए थे तथा अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा था।

1,42,000 रुपये की चोरी

गोदरेज अलमारी में रखे धान बिक्री के 45 हजार रुपये और सास के इलाज के लिए बैंक से निकाले 50 हजार रुपये सहित कुल 95 हजार रुपये नकद, एक जोड़ी चांदी की पायल (3 हजार रुपये), 30 तोला चांदी का करधन (21 हजार रुपये), एक सोने की मराठी माला (20 हजार रुपये) तथा चांदी की बिछिया व अंगूठी (3 हजार रुपये) सहित कुल 47 हजार रुपये के जेवरात गायब थे। इस तरह कुल 1,42,000 रुपये की चोरी होने की जानकारी सामने आई है।

ग्रामीणों के मुताबिक, यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी गांव में सरपंच के किराना दुकान में चोरी और आगजनी की घटना सामने आ चुकी है, लेकिन अब तक उन मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

आम जनता में भय का माहौल

ग्रामीणों ने गांव में अवैध शराब और गांजा की खुलेआम बिक्री को बढ़ते अपराध का मुख्य कारण बताया है। उनका कहना है कि इन अवैध गतिविधियों के कारण असामाजिक तत्व सक्रिय हो रहे हैं, जिससे चोरी जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि पुलिस आरोपियों को पकड़कर थाने ले जाती है, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया जाता है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता में भय का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए और चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1

यह खबर भी जरुर पढ़े

फिंगेश्वर में शादी समारोह के बीच बड़ी चोरी, मंच से लाखों के नगदी व जेवर से भरा थैला पार, फोटोशूट के दौरान वारदात

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button