जादू-टोने के शक में मां-बेटे की हत्या, एक ही परिवार के 3 आरोपी गिरफ्तार, सबूत मिटाने की भी कोशिश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जादू-टोने के शक ने खूनी रूप ले लिया। परिवार के भीतर चल रहे विवाद के बीच मां और बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई, जबकि बेटी पर भी जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल बेटी को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया। पुलिस ने मामले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मामला राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका कमला सोनकर और उनके परिवार के कुछ सदस्यों के बीच जादू-टोना करने के शक को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी केशर सोनकर को संदेह था कि कमला सोनकर के कथित जादू-टोने के कारण उसके परिवार के लोग बीमार पड़ रहे हैं। इसी शक के चलते वारदात को अंजाम देने का आरोप है।
घर में घुसकर किया हमला, मां-बेटे की मौत
जानकारी के अनुसार, कमला सोनकर का परिवार चौथना गांव में रहकर सब्जी बेचने का काम करता था। शुक्रवार 9 अक्टूबर की रात आरोपी घर में घुस गए। इसके बाद आरोपियों ने कमला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। फिर बेटे हमेंद्र सोनकर पर भी हमला किया। हमले में दोनों की मौत हो गई, जबकि बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के समय कमला के पति सुखी सोनकर घर से बाहर थे। घर लौटने पर उन्हें पत्नी और बेटे के शव मिले, जबकि बेटी गंभीर हालत में पड़ी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल ममता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया।
जांच में परिवार के सदस्यों की भूमिका आई सामने
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और परिजनों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान जादू-टोने के शक और पारिवारिक विवाद की बात सामने आई। पुलिस ने संदेह के आधार पर हेमंत कुमार सोनकर (36) की तलाश शुरू की, जिसे 12 अक्टूबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सोनू सोनकर (34) तथा केशर सोनकर (55) की भूमिका भी सामने आई। इसके बाद हेमंत कुमार सोनकर, सोनू सोनकर और केशर सोनकर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और मृतक एक ही परिवार के सदस्य हैं।
सबूत मिटाने की कोशिश, कुल्हाड़ी और बाइक बरामद
पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। घटना के समय पहने गए कपड़ों और वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी के लकड़ी के बेंट को जलाने का प्रयास किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लोहे की कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा, कपड़ों और लकड़ी के बेंट को जलाने के प्रयास से संबंधित अवशेष भी मिलने की जानकारी दी गई है।
पुलिस के अनुसार, साक्ष्य मिटाने और साजिश से जुड़े तथ्यों के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2) और 238 भी जोड़ी गई हैं। तीनों आरोपियों को दिनांक 12.10.2026 को क्रमशः दोपहर 02:30 बजे, 02:40 बजे एवं 02:50 बजे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











