बड़े भाई को कमरे में बंद कर जिंदा जलाया, आरोपी छोटा भाई गिरफ्तार, इस बात पर बना जल्लाद

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाला घटना सामने आई है, जहां छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई को कमरे में बंद कर पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमगांव का है।
जमीन बंटवारे को लेकर विवाद
जानकारी के अनुसार कृष्णकांत दुबे (38) रायपुर में रहकर काम करते थे। बताया जा रहा है कि 21 अप्रैल की शाम कृष्णकांत पैतृक जमीन के बंटवारे के लिए आमगांव पहुंचे थे। यहां उनका छोटे भाई दौलत दुबे (35) के साथ पुराना विवाद फिर से शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों भाइयों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि दौलत ने पहले धारदार हथियार से हमला कर कृष्णकांत को घायल कर दिया।
कमरे में बंद कर जिंदा जलाया
आरोपी यहीं नहीं रुका। आवेश में आकर उसने घायल बड़े भाई को एक कमरे में धकेलकर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद पेट्रोल लाकर कमरे में छिड़क दिया और आग लगा दी। कमरे में धान और महुआ भरा होने के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया। घटना के समय घर में मां और अन्य परिजन मौजूद थे। चीख-पुकार सुनकर परिजनों और ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
आग इतनी भीषण थी कि कृष्णकांत की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बागबाहरा पुलिस मौके पर पहुंची और जले हुए शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दौलत दुबे को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1











