चखना और आम को लेकर विवाद, नाबालिग की पीट-पीटकर हत्या; शव को बरगद के नीचे फेंककर हादसा दिखाने की रची साजिश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तीन युवकों ने मिलकर एक किशोर की बेरहमी से पिटाई कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को बरगद के पेड़ के नीचे फेंककर हादसा साबित करने की साजिश रच डाली। मामला में पुलिस ने दो युवकों और नाबालिग बालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र का है।

बरगद के नीचे मिला था किशोर का शव

जानकारी के अनुसार घटना 25 मई 2026 की है। खरसिया पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गुरदा के डोंगरमुड़ा खार स्थित खेत में बरगद के पेड़ के नीचे एक किशोर का शव संदिग्ध हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही एसडीओपी प्रभात पटेल, थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे।

शरीर पर मिले चोट के निशान

जांच के दौरान मृतक की पहचान थाना छाल क्षेत्र के ग्राम बरभौना निवासी 16 वर्षीय किशोर के रूप में हुई। मृतक के सीने, आंख और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटों और खरोंच के निशान मिले। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

कॉल से खुला हत्या का राज

जांच के दौरान मृतक के बड़े भाई ने पुलिस को बताया कि 24 मई को गांव का ऋषि डनसेना उसे अपनी पल्सर बाइक में बैठाकर काम कराने ले गया था। रात तक किशोर के घर नहीं लौटने पर परिजन परेशान हो गए और अगले दिन उसका शव मिला। पुलिस ने संदेह के आधार पर ऋषि डनसेना से पूछताछ की।

ऋषि ने बताया कि उसने किशोर को अपने साथियों चन्द्रशेखर उर्फ चंदा, रघुनाथ उर्फ रघु सिंह और एक नाबालिग के पास छोड़ दिया था। इसी दौरान पुलिस को सबसे बड़ा सुराग मिला। ऋषि ने बताया कि जब उसने बाद में फोन किया, तब दूसरी तरफ से झगड़े और मारपीट की आवाजें सुनाई दे रही थीं। उसने फोन पर ही झगड़ा शांत करने को कहा था।

आम तोड़ने पर शुरू हुआ खूनी विवाद

पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में आरोपी चन्द्रशेखर उर्फ चंदा डनसेना, रघुसिंह उर्फ रघुनाथ राठिया और नाबालिग बालक टूट गए। आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन सभी डोंगरमुड़ा खार के खेत में बैठकर शराब पी रहे थे। शराब पार्टी के दौरान चखना कम पड़ गया। इसी बीच आम तोड़ने की बात को लेकर मृतक किशोर और चन्द्रशेखर के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई।

गुस्से में तीनों आरोपियों ने किशोर पर लात-घूंसों से बेरहमी से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान किशोर खेत की मेड़ से फिसलकर तालाब की ओर गिर पड़ा और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

हादसा दिखाने शव को पेड़ के नीचे फेंका

हत्या के बाद आरोपी घबरा गए और साक्ष्य मिटाने की साजिश रची। तीनों ने शव को उठाकर बरगद के पेड़ के नीचे चित अवस्था में लिटा दिया ताकि मामला हादसा लगे। इतना ही नहीं, बाद में पूछने पर उन्होंने झूठ बोल दिया कि किशोर खाना खाकर घर लौट गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल का रिकंस्ट्रक्शन कराया और वारदात के दौरान पहने गए कपड़े भी जब्त किए। पुलिस ने दो आरोपियों को जेल भेज दिया है। वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को भी निरुद्ध किया गया है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या! गला घोंटा, फिर चाकू से रेता.. शव को कीचड़ में फेंककर भागे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button