नवविवाहिता ने लगाई फांसी, कुछ देर बाद पति ने भी उठाया खौफनाक कदम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक नवविवाहिता ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी की मौत की खबर मिलते ही सदमे में डूबे पति ने भी उसी फंदे पर झूलकर जान देने की कोशिश की। हालांकि समय रहते लोगों ने उसे बचा लिया और अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना धमतरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार धमतरी शहर के बांसपारा निवासी पुरुषोत्तम यादव (23) और दुर्गा यादव (21) का विवाह करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुआ था। शनिवार सुबह दुर्गा ने अपने घर में फांसी लगा ली। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत की सूचना मिलने के बाद पुरुषोत्तम पूरी तरह टूट गया।
बताया जा रहा है कि वह घर लौटा और उसी फंदे पर लटक गया, जिस पर कुछ देर पहले उसकी पत्नी ने आत्महत्या की थी। घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसियों और स्थानीय लोगों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है और वह बयान देने की स्थिति में नहीं है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका दुर्गा यादव पिछले कुछ समय से पेट दर्द की समस्या से परेशान थी और उसका इलाज चल रहा था। इसी को लेकर परिवार में चर्चा और तनाव की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि आत्मघाती कदम उठाने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
न्यायिक जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने न्यायिक जांच शुरू कर दी है। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों तथा आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
ब्रेकिंग: शादी के दूसरे दिन दूल्हे ने लगाई फांसी, घर में छाया मातम, जांच में जुटी पुलिस











