बादलों की दस्तक, मिट्टी की खुशबू और चाय की चुस्की… मानसून ने बिखेरा खुशियों का रंग

रिमझिम फुहारें, चाय-भजिए और भुट्टों की बहार... मानसून ने बदल दिया लोगों का मिजाज

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। रायपुर और गरियाबंद जिले में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है। कभी हल्की फुहार तो कभी तेज बारिश के बीच आसमान में छाए बादल, हरियाली से लबालब जंगल, भीगी सड़कें और मिट्टी की सोंधी खुशबू लोगों को प्रकृति के और करीब ला रही है।

बारिश का यह मौसम अपने साथ कई छोटी-छोटी खुशियां भी लेकर आता है। बारिश को लेकर नवा रायपुर के आकाश त्रिपाठी कहते है कि उन्हे बारिश में गर्मा-गर्म समोसे और तीखी फटका चटनी का स्वाद लुभाता है, तो वहीं भिलाई की मौसम जैन को बारिश की बूंदों में भीगने के बाद गरम चाय और कुरकुरे भजियों का आनंद लेना पसंद आता है।

नवापारा की पुष्पांजली तिवारी का कहना है कि कोयले की धीमी आंच पर सिके हुए गरम भुट्टे, नींबू और मसाले के साथ मानसून के स्वाद को और भी खास बना देते हैं। वैसे बता दे इन दिनों सड़क किनारे भुट्टे सेंकते ठेले भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। 

बारिश को लेकर नवापारा के पंकज गोविंदानी और आकाश माखीजा का कहना है कि उन्हे इस मौसम में परिवार और दोस्तों के साथ लंबी ड्राइव या प्राकृतिक स्थलों की सैर का आनंद लेने में मजा आता हैं। झरनों का बढ़ता जलस्तर, हरियाली से ढकी पहाड़ियां और जंगलों का शांत वातावरण मानसून की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं।

स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना भी जरूरी

हालांकि, इस मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना भी जरूरी है। लगातार बारिश के कारण वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम, डेंगू, मलेरिया और पानी से फैलने वाली बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। चिकित्सकों की सलाह है कि बारिश में भीगने के बाद जल्द सूखे कपड़े पहनें, गर्म पेय पदार्थ लें, उबला या स्वच्छ पानी ही पिएं, ताजा और गर्म भोजन करें तथा घर के आसपास पानी जमा न होने दें, ताकि मच्छरों का प्रकोप न बढ़े।

बरसात में चिंगरा पगार का खुबसूरत नजारा

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक रायपुर और गरियाबंद सहित आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में जहां एक ओर किसान अच्छी बारिश से खुश हैं, वहीं आम लोग भी मानसून के इस खुशनुमा मौसम का भरपूर आनंद लेते नजर आ रहे हैं। लोग अपने परिवार-मित्रों के साथ झरनों में आनंद लेने पहुंच रहे है। 

बारिश हमें सिर्फ ठंडक ही नहीं देती, बल्कि यह याद दिलाती है कि प्रकृति के साथ बिताए गए छोटे-छोटे पल ही जीवन की सबसे बड़ी खुशियां बन जाते हैं। गर्म चाय की चुस्की, भुट्टे की महक, बारिश की फुहारें और चारों ओर फैली हरियाली — यही तो है मानसून का असली जादू।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

छत्तीसगढ़ में मानसून की चौतरफा दस्तक: 1 जून से अब तक 307.2 मिमी औसत बारिश दर्ज, जानिए सभी जिलों का हाल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button