स्कूल से लौट रही 7 साल की मासूम को बाइक ने कुचला, मौत, बाइक चालक फरार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– स्कूल से लौट रही 7 साल की बच्ची को एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल मासूम को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मोहतरा निवासी पृथ्वीराज बंजारे रोजी-रोटी के लिए चिरमिरी में मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी गांव में अपनी बेटियों के साथ रहती हैं। सोमवार को वह अपनी सबसे छोटी बेटी आरोही को लेकर मस्तूरी स्थित स्कूल गई थीं। स्कूल से लौटते समय दोनों ऑटो से गांव पहुंचे।
बताया जा रहा है कि गांव के पास स्टेट हाईवे पर ऑटो रुकने के बाद मां चालक को किराया दे रही थी। इसी दौरान सात वर्षीय आरोही सड़क किनारे खड़ी थी। तभी तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात बाइक चालक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम उछलकर सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन तत्काल उसे मस्तूरी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया। बेटी की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।
घटना की सूचना मिलने पर मस्तूरी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











