डंडे से पीट-पीटकर पिता की हत्या, आरोपी गिरफ्तार, दूसरी शादी से नाराज थे बेटे

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– घरेलू विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। आरोपी ने डंडे से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम हल्दीझरिया (बढ़ईपारा) में 16 अप्रैल 2026 की शाम करीब 4..30 बजे मृतक सदानंद नाग (45) और उसके बड़े बेटे विजय कुमार नाग (26) के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर विजय ने पास में रखी डंडे से पिता के सिर और माथे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बागबहार पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पारिवारिक विवाद काफी समय से चला आ रहा था।
पिता के दूसरी शादी से नाराज थे बेटे
बताया जा रहा है कि सदानंद नाग ने पहली पत्नी के निधन के बाद दूसरी शादी कर ली थी, जिससे उसके चारों बेटे नाराज थे और अलग रहते थे। 17 अप्रैल को मंझले बेटे के घर आयोजित नवजात शिशु के छठी कार्यक्रम के दौरान भी इसी बात को लेकर तनाव की स्थिति बनी थी। कार्यक्रम के दौरान पिता द्वारा काम में हाथ न बंटाने पर टोकने से विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया और आरोपी ने डंडे से हमला कर दिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी विजय कुमार नाग को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी की फाड़ी भी जब्त कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को 18 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1











