गरियाबंद में भीषण सड़क हादसा: बोलेरो-ट्रक में भिड़ंत, रेंजर की मौत, 9 अधिकारी एवं कर्मचारी घायल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में एक भीषण सड़क हादसे में वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वन विभाग के 8 अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मैनपुर विकासखंड के ध्रुवागुड़ी और बुढ़गेलटप्पा घाटी के बीच उस समय हुआ, जब वन विभाग की शासकीय बोलेरो और सामने से आ रहे एक ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए।
गरियाबंद से लौट रहे थे वन विभाग का दल
जानकारी के अनुसार, देवभोग वन विभाग का दल विभागीय कार्य के सिलसिले में गरियाबंद मुख्यालय गया हुआ था। कार्य समाप्त होने के बाद सभी अधिकारी और कर्मचारी शासकीय बोलेरो से देवभोग लौट रहे थे। शाम करीब 6.30 बजे बुढ़गेलटप्पा घाटी के पास सामने से आ रहे ट्रक से बोलेरो की सीधी टक्कर हो गई। बोलेरो में कुल 9 लोग सवार थे, जिनमें रेंजर अश्विनी दास मुरचुलिया, वाहन चालक महेंद्र निर्मलकर, वन रक्षक उमेश ध्रुव सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे।
बचाव कार्य में जुटे पुलिस व स्थानीय लोग
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण, राहगीर और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रेंजर अश्विनी दास मुरचुलिया को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में चालक महेंद्र निर्मलकर, वन रक्षक उमेश ध्रुव घायल हुआ। महेंद्र का पैर टूट गया है। वहीं जय विविधता के सदस्य और अन्य लोग भी बुरी तरह जख्मी हुए।
बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद बोलेरो ट्रक में फंस गई। सामने की सीट पर रेंजर बैठा हुआ था। गंभीर चोंट लगने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग-130सी पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
वन विभाग में शोक की लहर
रेंजर अश्विनी दास मुरचुलिया के आकस्मिक निधन से वन विभाग में शोक का माहौल है। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
गरियाबंद ब्रेकिंग: खेत जुताई कर लौट रहा ट्रैक्टर नाले में पलटा, युवक की दर्दनाक मौत











