रिश्त हुआ शर्मसार: विधवा भाभी से दो देवरों ने किया दुष्कर्म, दो अलग-अलग FIR दर्ज

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विधवा महिला ने अपने ही दो देवरों पर अलग-अलग समय में दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो अलग-अलग अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से गौरेला थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता के पति का करीब 10 वर्ष पूर्व निधन हो गया था। पति की मौत के बाद वह अकेले जीवन यापन कर रही थी। आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर उसके रिश्ते में लगने वाले दो देवरों ने अलग-अलग समय और परिस्थितियों में उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि उसने न्याय पाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराने की कोशिश की थी, लेकिन विभिन्न कारणों से मामला आगे नहीं बढ़ पाया। इस दौरान वह कुछ समय के लिए क्षेत्र से बाहर भी चली गई थी।
वापस लौटते ही दर्ज हुई शिकायत
गौरेला थाना प्रभारी शनिप रात्रे ने बताया कि महिला द्वारा पूर्व में आवेदन दिया गया था, लेकिन बाद में वह करीब एक वर्ष तक दूसरे स्थान पर रही। उसके द्वारा उपलब्ध कराया गया मोबाइल नंबर भी बंद अथवा गलत मिलने के कारण पुलिस संपर्क नहीं कर पा रही थी। महिला के वापस आने और दोबारा संपर्क करने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की गई।
दो आरोपियों पर अलग-अलग मामले दर्ज
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों घटनाएं अलग-अलग समय, अलग परिस्थितियों और अलग व्यक्तियों द्वारा की गई थीं। इसी आधार पर पुलिस ने कानूनी प्रावधानों के अनुसार दो पृथक एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











