सोशल मीडिया से सीखा ‘क्राइम प्लान’, फिर भाभी को कुल्हाड़ी से काट डाला, रेप दिखाने के लिए फाड़ दिए कपड़े, लेकिन खुल गया पूरा राज

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां आपसी विवाद और घरेलू कलह से तंग आकर एक ननद ने अपनी ही भाभी की खेत में बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी महिला ने वारदात को दुष्कर्म जैसा दिखाने के लिए शव के कपड़े फाड़ दिए, ताकि पुलिस गुमराह हो जाए और शक किसी पुरुष पर जाए। हालांकि पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कबीरधाम जिले के लोहारा थाना क्षेत्र का है।

जानिए पूरा मामला

भाभी पर पीछे से किया जानलेवा हमला

जानकारी के अनुसार ग्राम सिंगारपुर निवासी बेलसिया छेदैया (32) 3 मई को खेत में काम करने गई थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठी उसकी ननद मालती मरकाम (33) वहां पहुंची और पीछे से लोहे की रपली (छोटी कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया। आरोपी ने सिर और चेहरे पर लगातार कई वार किए, जिससे बेलसिया की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने शव के कपड़े फाड़ दिए और उसे निर्वस्त्र हालत में छोड़ दिया, ताकि मामला रेप और हत्या जैसा लगे। आरोपी चाहती थी कि पुलिस का शक किसी अज्ञात पुरुष या सामूहिक अपराध की ओर जाए।

निर्वस्त्र लाश, पुलिस भी रह गई थी हैरान

घटना का खुलासा तब हुआ जब झोंकाखार खेत में एक महिला का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही लोहारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला का शव निर्वस्त्र था और सिर-चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। शुरुआती जांच में पुलिस इसे दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला मान रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की।

घटनास्थल से लोहे की रपली, हंसिया, टूटी चूड़ियां, कपड़ों के टुकड़े, बटन और साड़ी पिन जैसे अहम सबूत बरामद किए गए। साइबर सेल और एफएसएल टीम की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई।

मेडिकल रिपोर्ट ने खोला राज

जांच और मेडिकल रिपोर्ट में साफ हो गया कि मृतका के साथ किसी तरह का दुष्कर्म नहीं हुआ था। इसके बाद पुलिस का शक परिवार के लोगों पर गया। लगातार पूछताछ में ननद मालती मरकाम टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घर के कामकाज और संपत्ति बंटवारे को लेकर उसकी भाभी से आए दिन विवाद होता था।

दोनों के बीच पहले भी कई बार मारपीट हो चुकी थी। करीब छह महीने पहले उसने भाभी का गला दबाकर मारने की भी कोशिश की थी, लेकिन परिवार वालों ने मामला शांत करा दिया था।

सोशल मीडिया से मिला ‘आइडिया’

पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने मोबाइल और सोशल मीडिया में ऐसे अपराधों की खबरें देखी थीं। वहीं से उसे हत्या को रेप जैसा दिखाने का तरीका सूझा। उसने सोचा था कि पुलिस किसी बाहरी व्यक्ति को आरोपी मानेगी और वह बच जाएगी।

पति से परेशान होकर मायके में रह रही थी आरोपी

पुलिस के मुताबिक मालती मरकाम का पति नरेन्द्र मरकाम शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। इसी वजह से वह करीब पांच साल पहले ससुराल छोड़कर मायके सिंगारपुर आकर रहने लगी थी। यहीं से परिवार में तनाव और विवाद लगातार बढ़ता गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX

यह खबर भी जरुर पढ़े

पत्नी ने रची खौफनाक साजिश: प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या, थार से कुचलकर हादसा दिखाने की कोशिश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button