ब्लैकमेलिंग से परेशान महिला ने प्रेमी की कर दी हत्या, पति-देवर ने शव को बोरी में भर खेत में फेंका, तीनों गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– बोरी में बंद युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनीखेज फैल गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि तीन लोगों ने युवक की हत्या कर शव फेंक दिया था। हत्या के पीछे अवैध संबंध, आपत्तिजनक वीडियो और कथित ब्लैकमेलिंग की कहानी सामने आई है। पुलिस ने मामले में एक महिला, उसके पति और देवर को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कबीरधाम जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र का है।
बदबू आने से सामने आया मामला
जानकारी के अनुसार सोंढा गांव के खेतों से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक बंद बोरी की तलाशी ली। बोरी खोलते ही पुलिस के भी होश उड़ गए। अंदर एक युवक का शव मिला, जिस पर गंभीर चोटों के निशान थे। शव को ठिकाने लगाने की नीयत से बोरी में भरकर खेत में फेंका गया था।
मृतक की पहचान बैहरसरी निवासी 23 वर्षीय कोमल वर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
गुमशुदगी रिपोर्ट से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कोमल वर्मा 28 मई को घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अगले दिन उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल खंगालने पर पुलिस को पता चला कि कोमल की लगातार बातचीत मंदाकिनी वर्मा नामक महिला से हो रही थी। यहीं से जांच ने नया मोड़ लिया और पुलिस की शंका सीधे महिला तक पहुंच गई।
ब्लैकमेलिंग से तंग आकर रची हत्या की साजिश
पुलिस पूछताछ में मंदाकिनी वर्मा ने बताया कि कोमल वर्मा उसके कुछ आपत्तिजनक वीडियो अपने पास रख था और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय से दबाव बना रहा था। महिला का आरोप है कि इसी आधार पर वह उसे लगातार परेशान करता था। पूछताछ में सामने आया कि 28 मई की रात भी कोमल ने महिला से संपर्क किया और मिलने का दबाव बनाया।
इससे परेशान होकर महिला ने उसे अपने घर बुला लिया। घर पहुंचते ही उस पर लोहे के हथियार (सरिया मोड़ने वाला औजार) से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
पति और देवर ने सबूत मिटाया
हत्या के बाद महिला का पति रामस्नेही वर्मा भी घटना से अवगत हो गया। इसके बाद दोनों ने मिलकर शव को घर में छिपाकर रखा। अगले दिन रामस्नेही ने अपने भाई रूपेश वर्मा को बुलाया और तीनों ने मिलकर शव को बोरी में भर दिया। इसके बाद ट्रैक्टर के जरिए शव को सोंढा गांव के खेत तक ले जाया गया और सुनसान जगह पर फेंक दिया गया, ताकि हत्या का राज हमेशा के लिए दफन हो जाए। लेकिन बदबू ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मंदाकिनी वर्मा, उसके पति रामस्नेही वर्मा और देवर रूपेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
प्रेमी की शर्मनाक करतूत: युवती से शारीरिक संबंध बनाया फिर हत्या कर बाड़ी में फेंक दी लाश











