गरियाबंद ब्रेकिंग: जिला पंचायत अध्यक्ष की इनोवा को पिकअप ने मारी जोरदार टक्कर, गाड़ी के उड़े परखच्चे

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-130 सी पर गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप की इनोवा वाहन को सामने से आ रही तेज रफ्तार मालवाहक पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इनोवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि जिला पंचायत अध्यक्ष इस हादसे में बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप अपने निजी निवास से राजधानी रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जुगाड़ और मैनपुर थाना क्षेत्र के बीच राजापड़ाव से पहले राष्ट्रीय राजमार्ग के एक मोड़ पर सामने से आ रही मालवाहक पिकअप उनकी इनोवा से जा भिड़ी।

टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी

हादसा इतना जोरदार था कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। इनोवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पिकअप चालक और हादसे के संबंध में जांच की जा रही है।

हादसों का हॉटस्पॉट

स्थानीय लोगों के मुताबिक राष्ट्रीय राजमार्ग-130 सी पर झरियाबाहरा से धूर्वागुड़ी तक करीब 40 किलोमीटर का मार्ग अभ्यारण्य क्षेत्र से होकर गुजरता है। इस हिस्से में सड़क चौड़ीकरण नहीं होने के कारण वाहन चालकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में यह मार्ग और भी खतरनाक हो जाता है। संकरी सड़क, तीखे मोड़ और बारिश के कारण फिसलन से दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। बताया जा रहा है कि पूरे बारिश सीजन में इस मार्ग पर लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं।

महीनेभर पहले रेंजर की भी हुई थी मौत

करीब एक माह पहले भी इसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में देवभोग के एक रेंजर और उनके चालक की मौत हो गई थी। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जल्द ही इस संवेदनशील सड़क हिस्से की स्थिति में सुधार और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

जतमई मार्ग पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button