जतमई मार्ग पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा:– गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जतमई जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। मडेली-जरगांव चौराहे के पास सड़क पर पैदल जा रहे युवक को अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना छुरा थाना क्षेत्र का है।
रात करीब 7.20 बजे की घटना
जानकारी के अनुसार ग्राम मडेली निवासी नरसिंह ठाकुर 15 अगस्त की रात करीब 7.20 बजे मडेली-जरगांव चौराहे के पास सड़क पर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के समय आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण तत्काल यह पता नहीं चल सका कि टक्कर किस वाहन से हुई।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद एक तेज रफ्तार वाहन वहां से निकलता दिखाई दिया, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसका नंबर या स्पष्ट पहचान सामने नहीं आ सकी। कुछ समय बाद मार्ग से गुजर रहे लोगों की नजर सड़क पर बेसुध पड़े युवक पर पड़ी। जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। नरसिंह ठाकुर की मौत की खबर मडेली गांव पहुंचते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े संभावित सुराग जुटाए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के साथ ही अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस द्वारा आसपास के दुकानों, मकानों और अन्य प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना के समय वहां से गुजरने वाले वाहनों की जानकारी मिल सके।
जतमई मार्ग पर हो रहे लगातार हादसे
जतमई मुख्य मार्ग पर रात के समय तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जतमई पर्यटन स्थल होने के कारण इस मार्ग पर दिन के साथ-साथ शाम और रात में भी वाहनों की आवाजाही रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी के साथ सड़क किनारे पैदल चलने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए जाने चाहिए।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
छुरा में दर्दनाक हादसा: पैदल चल रहे युवक को बाइक सवार ने मारी टक्कर, हालत नाजुक











