पत्नी से झगड़े के बाद 150 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ा युवक, 2 घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा
पुलिस और राजस्व टीम ने समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शनिवार को पत्नी और चाचा से विवाद के बाद एक युवक ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। नशे की हालत में युवक ऊंचे टावर पर चढ़ गया और करीब दो घंटे तक वहीं बैठा रहा। युवक को इतनी ऊंचाई पर देखकर आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। मामला कोंडागांव जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, डोंगरीपारा निवासी संतोष कोर्राम (32) मजदूरी का काम करता है। संतोष का घर में किसी बात को लेकर पत्नी और चाचा से विवाद हो गया था। झगड़े के बाद वह नाराज होकर घर से निकला और पास ही स्थित 400 केवी हाईवोल्टेज बिजली लाइन के करीब 150 फीट टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते वह टावर की करीब 150 फीट ऊंचाई तक पहुंच गया।
इस दौरान आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। युवक की स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने जल्दबाजी करने के बजाय उससे बातचीत शुरू की और सुरक्षित नीचे आने के लिए समझाया।
करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद नीचे उतरा
पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने युवक से लगातार बातचीत की। मौके पर मौजूद लोगों ने भी उसे समझाया और किसी तरह का गलत कदम नहीं उठाने की अपील की। काफी देर तक समझाने के बाद संतोष नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। टीम की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
विवाद और तनाव के कारण उठाया कदम
नीचे आने के बाद संतोष ने बताया कि घर में चल रहे विवाद और परेशानियों के कारण वह तनाव में था। चाचा और पत्नी के साथ हुए विवाद के बाद उसने गुस्से में यह कदम उठाया। अधिकारियों के समझाने के बाद उसने भविष्य में दोबारा ऐसा कदम नहीं उठाने की बात कही।
बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले संतोष की पहली पत्नी की मौत हो गई थी। इसके बाद उसने अपनी साली से दूसरी शादी की थी। फिलहाल युवक सुरक्षित है और घटना के बाद स्थिति सामान्य है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
प्रेमी की तलाश में थाने पहुंची युवती, मांग पूरी नहीं हुई तो टावर पर चढ़कर किया हंगामा, मचा हड़कंप











