रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 82 वारंटी गिरफ्तार; 60 किलो गांजा, 1590 नशीली गोलियां और 20 चाकू जब्त

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले में में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने “ऑपरेशन विश्वास” अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत 24 से 30 अगस्त 2026 के बीच उत्तर, पश्चिम और मध्य जोन में पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए अपराधियों, वारंटियों, नशे के कारोबारियों और अवैध हथियार रखने वालों पर शिकंजा कसा।
एक सप्ताह की कार्रवाई में 82 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं अवैध शराब, गांजा, प्रतिबंधित नशीली गोलियों और हेरोइन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 17 लाख 30 हजार रुपए है।
82 वारंटी गिरफ्तार, 167 आबकारी मामलों में कार्रवाई
अभियान के दौरान स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के साथ ही आबकारी एक्ट के तहत 167 प्रकरण दर्ज कर 167 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर अपराध और उपद्रव की आशंका को देखते हुए धारा 170 बीएनएस के तहत 203 प्रकरण और धारा 126/135 बीएनएस के तहत 211 प्रकरणों में कार्रवाई की गई।
गांजा और नशीली टैबलेट जब्त
नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने विशेष फोकस किया। तीनों जोन में कार्रवाई के दौरान 273 पव्वा देशी शराब, 60.339 किलोग्राम गांजा, 1590 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, 10.59 ग्राम हेरोइन समेत अन्य सामग्री जब्त की गई।
पश्चिम जोन की कार्रवाई में 60.339 किलो गांजा, 1,590 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट और 10.59 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया गया।
उत्तर जोन में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 15 पव्वा और 133 पव्वा देशी शराब सहित नगदी रकम जब्त की गई। वहीं मध्य जोन में 15 पव्वा देशी शराब (2.700 लीटर) बरामद हुई।
चाकू लेकर घूमने वालों पर भी कार्रवाई
सार्वजनिक स्थानों पर चाकू और धारदार हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। तीनों जोन में आर्म्स एक्ट के 20 प्रकरणों में 20 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 चाकू और धारदार हथियार बरामद किए गए।
गुंडा और निगरानी बदमाशों की परेड
पुलिस ने आदतन अपराधियों, गुंडा बदमाशों और निगरानी बदमाशों पर भी विशेष निगरानी रखी। उत्तर जोन में 62 गुंडा बदमाशों और 32 निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई। पश्चिम जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी ऐसे बदमाशों की गतिविधियों की जांच और चेकिंग की गई।
अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन विश्वास” के तहत अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध शराब और मादक पदार्थों का कारोबार करने वालों, अवैध हथियार लेकर घूमने वालों तथा आम लोगों में भय पैदा करने वाले तत्वों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और आदतन अपराधियों की चेकिंग आगे भी लगातार जारी रहेगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











