नवरात्र पर दसकुंड महोत्सव की तैयारी : अखंड दीप और 100 किलो पान रोटी बनेगी आकर्षण

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छुरा ब्लाक के केडीआमा (रमनपुर) के पास स्थित दसकुंड धाम में दसकुंड महोत्सव 2026 को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। महोत्सव को भव्य और व्यवस्थित रूप देने के लिए आयोजित तैयारी बैठक में धार्मिक आयोजन से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और पारंपरिक व्यंजनों तक कई अहम निर्णय लिए गए। इस बार देवी पंचमी के अवसर पर एक क्विंटल यानी 100 किलो पान रोटी तैयार करने का निर्णय खास आकर्षण का केंद्र बन गया है।

महोत्सव के दौरान सिरकट्टी आश्रम के महामंडलेश्वर संत गोवर्धन शरण व्यास के मार्गदर्शन में धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। उनके शिष्यगण भी पूरे महोत्सव में मौजूद रहेंगे। बैठक में यज्ञ स्थल के चयन, श्रद्धालुओं के भोजन, सत्संग के लिए बैठने की व्यवस्था सहित आयोजन से जुड़ी अन्य तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

100 किलो पान रोटी, दिखेगी छत्तीसगढ़ी परंपरा की झलक

बैठक में तय किया गया कि देवी पंचमी के अवसर पर एक क्विंटल यानी 100 किलो पान रोटी तैयार की जाएगी। आयोजन समिति के अनुसार छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों में पान रोटी का विशेष स्थान है। इसे पत्ते में रखकर सीधे आग में पकाने की पारंपरिक विधि अपनाई जाती है। आग में पकने के बाद इसका स्वाद लोगों को आकर्षित करता है। महोत्सव में 100 किलो पान रोटी तैयार करना अपने आप में अनूठा आयोजन होगा, जो गरियाबंद जिले के साथ ही छत्तीसगढ़ के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

अखंड दीप से लेकर भव्य सजावट तक तैयारियां

महोत्सव के समापन तक अखंड दीप प्रज्वलित रखने का भी निर्णय लिया गया है। वहीं सिद्धिदात्री, सिद्धेश्वरी और जामवंत गुफा सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। आयोजन स्थल पर भव्य तोरण द्वार भी तैयार किया जा रहा है। इससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल को और भव्य रूप देने की तैयारी है।

जिम्मेदारियां तय, 40 से अधिक ग्रामीण जुटे

बैठक में आयोजन की जिम्मेदारियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। संरक्षक डॉ. वशिष्ठ, संयोजक राजकुमार यादव, भागवताचार्य डॉ. रमाकांत शर्मा, उद्घोषक प्रहलाद गंधर्व, मार्गदर्शक नूतन लाल साहू, जीवनलाल सेन, धर्म प्रचारक दीनदयाल विश्वकर्मा, शत्रुघ्न साहू, फिरत निषाद, महेंद्र साहू, तीरथ साहू, कमलेश सिन्हा तथा ग्राम प्रमुख रामजी सहित 40 से अधिक ग्रामीण एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में सभी सदस्यों ने महोत्सव को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय से जिम्मेदारियों का निर्वहन करने पर सहमति जताई। महोत्सव को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है और इस बार सांस्कृतिक आयोजन के साथ-साथ 100 किलो पान रोटी के आयोजन को लेकर लोगों में विशेष उत्सुकता देखी जा रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

ऋषि पंचमी पर निकली सांपों की अनोखी शोभायात्रा, ढोल-नगाड़ों की थाप पर नागदेवों की हुई पूजा, VIDEO

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button