“ऑपरेशन तलाश” में गरियाबंद पुलिस का कमाल: एक महीने में 68 गुमशुदा मिले, प्रदेश में हासिल किया दूसरा स्थान

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छत्तीसगढ़ में गुमशुदा व्यक्तियों की खोज के लिए चलाए गए राज्य स्तरीय “ऑपरेशन तलाश” अभियान में गरियाबंद पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है। एक माह के भीतर 68 गुमशुदा लोगों को सुरक्षित खोजकर उनके परिवारों को सौंपा गया, जिससे कई घरों में खुशियां लौट आईं।
पुलिस महानिदेशक के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक राज्यभर में “ऑपरेशन तलाश” अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य गुमशुदा महिला, पुरुष एवं बच्चों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाना था।
इसी क्रम में गरियाबंद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने सक्रियता के साथ कार्य करते हुए जिले सहित अन्य राज्यों एवं अंतर-जिला क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया।
68 गुमशुदा व्यक्तियों को किया बरामद
अभियान के दौरान गरियाबंद पुलिस ने कुल 68 गुमशुदा व्यक्तियों को बरामद किया, जिसमें 47 महिलाएं, 14 पुरुष, 7 बालिकाएं शामिल हैं, जबकि कोई भी बालक गुमशुदा सूची में नहीं था। इस उल्लेखनीय सफलता के साथ गरियाबंद जिला पूरे राज्य में द्वितीय स्थान पर रहा।
पुलिस की इस कार्यवाही से उन परिवारों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई, जो लंबे समय से अपने परिजनों की तलाश में परेशान थे। गरियाबंद पुलिस ने न केवल जिले में बल्कि अन्य राज्यों से भी गुमशुदा व्यक्तियों को खोजकर सुरक्षित वापस लाने का सराहनीय कार्य किया है।
पुलिस विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के गुम होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराएं, ताकि समय रहते खोजबीन कर सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX
यह खबर भी जरुर पढ़े
छुरा पुलिस की कार्रवाई: 6.40 लाख के गांजा के साथ नाबालिक सहित 2 तस्कर गिरफ्तार











