आंगन में सो रहे ग्रामीण को उठा ले गया तेंदुआ, जंगल में बनाया शिकार, क्षत-विक्षत हालत में मिला शव

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक तेंदुए ने घर के आंगन में सो रहे ग्रामीण पर हमला कर उसे घसीटते हुए जंगल ले जाकर मार डाला। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने तेंदुए को जल्द पकड़ने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल वन अमला तेंदुए की तलाश में जुटा हुआ है। घटना मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के भरतपुर क्षेत्र का है।

जंगल में बनाया शिकार

जानकारी के अनुसार भरतपुर विकासखंड अंतर्गत कुवारपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम डोंगरी टोला (चांटी) में कुवारे (55 वर्ष) रात करीब 10 बजे अपने घर के आंगन में सो रहे थे, तभी घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुआ उन्हें घसीटते हुए करीब 100 मीटर दूर जंगल में ले गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने मशाल और टॉर्च लेकर रात में तलाश की, लेकिन अंधेरे के कारण बुजुर्ग का पता नहीं चल पाया।

क्षत-विक्षत हालत में मिला शव

बुधवार सुबह खोजबीन के दौरान जंगल में उनका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद डोंगरी टोला समेत आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण रात में घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में लंबे समय से वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, लेकिन वन विभाग ने सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए।

सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी कमलेश देवांगन ने घटनास्थल का जायजा लिया, वहीं वन विभाग ने तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि करते हुए इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। वन कर्मियों ने प्रभावित परिवार को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है।

ग्रामीणों में भारी आक्रोश

वन विभाग ने ग्रामीणों से रात में अकेले बाहर न निकलने, घरों के आसपास रोशनी रखने और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने तेंदुए को जल्द पकड़ने, पिंजरा लगाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल वन अमला तेंदुए की तलाश में जुटा हुआ है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX

यह खबर भी जरुर पढ़े

छुरा इलाके के गांव में बीच पेड़ पर बैठा तेंदुआ, ग्रामीणों की थमी सांसे, घंटों दहशत में रहे लोग

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button