50 डिसमिल जमीन के लिए भाई-भाभी की हत्या, फिर रची लूट की कहानी, आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– 50 डिसमिल जमीन के लिए एक युवक ने भाई और भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए घर के कमरे और अलमारी खोल दिए, फिर मकान में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल लोहे की कुदरी बरामद कर ली है। मामला मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र का है।
बंद मकान से उठी दुर्गंध ने खोला था खौफनाक राज
जानकारी के अनुसार लोरमी क्षेत्र के ग्राम नवलपुर में एक बंद मकान से लगातार दुर्गंध आ रही थी। आशंका होने पर मकान का ताला तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए। बिस्तर पर नंदकुमार कश्यप और उनकी पत्नी गौरीबाई के क्षत-विक्षत शव पड़े थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की।
50 डिसमिल जमीन को लेकर विवाद
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही तकनीकी इनपुट और बेसिक पुलिसिंग के जरिए संदिग्धों की गतिविधियों की पड़ताल की गई। जांच आगे बढ़ी तो शक की सुई मृतक के सगे भाई नंदु कश्यप पर आकर टिक गई। पुलिस जांच में सामने आया कि नंदकुमार और उसके सगे भाई नंदु कश्यप (46 वर्ष) के बीच पैतृक जमीन के 50 डिसमिल हिस्से को लेकर लंबे समय से विवाद और रंजिश चल रही थी।
पुलिस के मुताबिक, संदेही नंदु कश्यप को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान वह पुलिस को ज्यादा देर तक गुमराह नहीं कर सका और उसने हत्या की वारदात कबूल कर ली।
आरोपी ने बताया कि 19 अगस्त की दरम्यानी रात वह लोहे की कुदरी लेकर अपने भाई के घर पहुंचा। घर में घुसकर उसने सो रहे नंदकुमार पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से नंदकुमार की नींद खुली और चिल्लाने लगा। इसी दौरान उसकी पत्नी गौरीबाई भी जाग गईं।
भाभी की भी हत्या
पुलिस के अनुसार, गौरीबाई ने आरोपी नंदु को पहचान लिया था। इसके बाद आरोपी ने उन पर भी लोहे की कुदरी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए घर के कमरों और अलमारी को खोल दिया, ताकि घटना किसी दूसरी वजह से हुई प्रतीत हो। इसके बाद उसने मकान में ताला लगाया और हत्या में इस्तेमाल कुदरी को ट्यूबवेल में छिपा दिया।
आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी नंदु कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लोहे की कुदरी बरामद कर ली है। उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
बंद घर से पति-पत्नी की लाश मिलने से मचा हड़कंप, बाहर से लगा था ताला; हत्या की आशंका











