बंद घर से पति-पत्नी की लाश मिलने से मचा हड़कंप, बाहर से लगा था ताला; हत्या की आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक बंद मकान से पति-पत्नी के शव मिलने का मामला सामने आया है। मकान के बाहर ताला लगा हुआ था, अंदर से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को शक हुआ। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया तो अंदर पति पत्नी के शव पड़े मिले। मामला मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार नवलपुर में नंद कुमार कश्यप और उनकी पत्नी गौरी कश्यप के शव बंद घर के अंदर मिले है। दोनों पति-पत्नी घर में अकेले रहते थे। घर के बाहर ताला लगा हुआ था, तेज बदबू आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही लोरमी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मौजूदगी में मकान के बाहर लगे ताले को तोड़कर पुलिस ने अंदर प्रवेश किया, जहां पति-पत्नी के शव बिस्तर पर मिले। इस घटना के बाद नवलपुर गांव में दहशत का माहौल बन गया।

पुलिस के मुताबिक दोनों की मौत करीब तीन से चार दिन पहले होने की आशंका है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने हत्या समेत अन्य संभावनाओं को जांच में शामिल किया है। हालांकि अभी मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं साइबर सेल मृतक दंपति के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले उनकी किस-किस से बातचीत हुई थी और आखिरी बार उनके घर पर कौन आया था।

पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। इसके साथ ही दंपति के पारिवारिक विवाद, संपत्ति संबंधी मामलों, लेन-देन और पुरानी रंजिश की जानकारी भी जुटाई जा रही है। इस दोहरे मौत के मामले में मकान के बाहर ताला लगा होना सबसे अहम बिंदु माना जा रहा है। ताला किसने लगाया, दंपति की मौत कैसे हुई और घटना के बाद घर को बाहर से बंद करने के पीछे क्या वजह थी, पुलिस इन सवालों के जवाब तलाश रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

ब्रेकिंग: बंद कमरे में मिला एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव, इलाके में सनसनी, जांच में ये बात आई सामने

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button