शराब पिलाने के बहाने जीजा को खेत में बुलाया, फिर गमछे से गला घोंटकर रेत में गाड़ दिया शव, साले सहित 4 गिरफ्तार

हैदराबाद से पकड़ा गया मुख्य आरोपी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक व्यक्ति की हत्या करके उसके शव को नाले में फेंक दिया गया था, जिसके हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया कि उसकी हत्या पत्नी के साथ अवैध संबंध के शक को लेकर रची गई साजिश के तहत की गई थी। मामले में पुलिस ने मृतक के साले, उसके ममेरे भाई समेत एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला मोहला-मानपुर चौकी के मदनवाड़ा थाना क्षेत्र का है।

पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया की आरोपियों ने कदम को शराब पिलाने के बहाने खेत में बुलाया था। यहां शराब पिलाने के बाद गमछे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को कोहका नाले के किनारे गड्ढा खोदकर रेत में दफना दिया गया। हत्या के बाद मृतक का मोबाइल, पर्स और जूते भी नाले में फेंक दिए गए थे।

नाले के पास मिला था शव

दरअसल, 5 मार्च 2026 को भैंसाराटोला निवासी संजय हथगिया ने मदनवाड़ा पुलिस को कोहका नाले के पास एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना दी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम कराया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की आशंका सामने आने के बाद पुलिस ने BNS की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान कदम भुआर्य 36 वर्ष निवासी राजकट्टा, थाना औंधी के रूप में हुई।

हैदराबाद से पकड़ा गया मुख्य आरोपी

मामले की जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह के निर्देशन और एसडीओपी विनोद मिंज के मार्गदर्शन में विशेष टीम बनाई गई। साइबर सेल की मदद और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंची।

जांच में मुख्य आरोपी चंदन अंधारे की लोकेशन हैदराबाद में मिली। इसके बाद पुलिस टीम हैदराबाद पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चंदन ने हत्या की पूरी कहानी सामने रख दी।

पत्नी से संबंध का था शक

पुलिस के अनुसार, कदम भुआर्य को शक था कि उसकी पत्नी परमेश्वरी के अपने ममेरे भाई चंदन अंधारे से संबंध हैं। इसी शक को लेकर वह पत्नी के साथ अक्सर मारपीट करता था। इसे लेकर चंदन और कदम के बीच विवाद और रंजिश बढ़ती गई।

वहीं, परमेश्वरी का भाई चमन लाल देहरी भी अपनी मां और बहन के साथ कदम के व्यवहार से नाराज था। पुलिस के मुताबिक, इसी पारिवारिक विवाद को लेकर चंदन और चमन ने कदम को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

पहले शराब पिलाई, फिर गला घोंटकर मार डाला

पुलिस के मुताबिक, 28 फरवरी को आरोपियों ने कदम को सीतागांव बस स्टॉप के पास रोका। इसके बाद शराब पीने के बहाने उसे चंदन के घर के पास स्थित खेत में ले गए। खेत में सभी ने शराब पी। जब कदम नशे में हो गया तो आरोपियों ने गमछे से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को नाले के किनारे ले जाकर गड्ढा खोदा गया और रेत में दफना दिया गया।

वारदात के बाद आरोपियों ने मृतक का मोबाइल, पर्स और जूते नाले में फेंक दिए, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके। मदनवाड़ा पुलिस ने मामले में चंदन अंधारे, चमन लाल देहरी और हेमंत राणा सहित एक नाबालिग को पकड़ा है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक भी जब्त कर ली है। मामले में आरोपियों से पूछताछ कर अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

विवाद शांत कराने पहुंचे युवक की हत्या, हंसिए से किया ताबड़तोड़ हमला, इलाज के दौरान मौत, आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button