भाजी की सब्जी पर विवाद, पत्नी की हत्या कर जलाया शव, आंगन में दफनाईं हड्डियां, जानिए पूरा मामला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां भाजी की सब्जी बनाने की बात पर एक पति ने अपनी पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने सबूत मिटाने के लिए शव को अपने ही घर के आंगन में जला दिया और बची हुई हड्डियों को जमीन में गड्ढा खोदकर पत्थर के नीचे दबा दिया। वारदात के बाद आरोपी पत्नी के लापता होने की झूठी गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र का है।

जानिए पूरा मामला

जानकारी के अनुसार ग्राम कुमा निवासी 39 वर्षीय देवानंद सिदार ने 28 अप्रैल 2026 को कापू थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पत्नी 26 वर्षीय चमेली सिदार 16 अप्रैल की रात करीब 8 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई है। पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। लेकिन जांच के दौरान देवानंद के बयान और उसके व्यवहार में कई विरोधाभास सामने आए। पुलिस को शक हुआ कि मामला केवल गुमशुदगी का नहीं, बल्कि इसके पीछे कोई गंभीर अपराध छिपा हुआ है।

चार साल पहले प्रेम संबंध, साथ रह रहे थे दोनों

मृतका के पिता बालसाय सिदार (65) ने पुलिस को बताया कि चमेली उनकी सबसे छोटी बेटी थी। करीब चार साल पहले चमेली और देवानंद के बीच प्रेम संबंध था, जिसके बाद दोनों साथ रहने लगे थे। दोनों की कोई संतान नहीं थी। घटना के बाद 18 अप्रैल को देवानंद चमेली के मायके पहुंचा था और उसके वहां आने की जानकारी ली थी। जब परिजनों ने बताया कि चमेली वहां नहीं आई है तो वह वापस चला गया।

इसके बाद 28 अप्रैल को एक दशकर्म कार्यक्रम के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि चमेली की हत्या कर उसका शव जला दिया गया है। जानकारी मिलते ही परिजन सक्रिय हुए और पुलिस को मामले की सूचना दी।

जली हुई हड्डियों ने खोला हत्या का पूरा राज

एफएसएल अधिकारी की मौजूदगी में पुलिस टीम ने घटनास्थल से जली हुई हड्डियों के अवशेष बरामद किए। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद हड्डियों के नमूने डीएनए जांच के लिए भेजे गए। डीएनए रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि बरामद हड्डियों के अवशेष गुमशुदा महिला चमेली सिदार के ही हैं। इसके साथ ही गुमशुदगी का मामला हत्या में बदल गया और आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई।

हत्या की पुष्टि होने के बाद 23 अगस्त 2026 को कापू थाने में आरोपी देवानंद सिदार के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 238(ए) में मामला दर्ज किया गया। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची तो कार्रवाई की भनक लगते ही वह फरार हो गया। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने लगातार तीन दिनों तक गांव के बाहर कैंप लगाया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखा। आखिरकार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

सब्जी को लेकर बढ़ा विवाद

पूछताछ में आरोपी देवानंद ने हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि 16 अप्रैल की रात भाजी की सब्जी बनाने की बात को लेकर उसका पत्नी चमेली से विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने चमेली का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद शव जलाया, हड्डियां गड्ढे में दबाईं

आरोप है कि पत्नी की हत्या के बाद देवानंद ने शव को अपने घर के आंगन में जला दिया। शव जलाने के बाद बचे हड्डियों के अवशेषों को उसने जमीन में गड्ढा खोदकर दबा दिया और ऊपर पत्थर रख दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लग सके। इसके बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए पत्नी के लापता होने की कहानी बनाई और थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद ब्रेकिंग: पति-पत्नी की हत्या कर दफनाया शव, ऐसे खुला राज, भाई-भतीजे गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button